Home समाचार तेंदूपत्ता तोड़ाई पर बारिश ने लगाई रोक, मानपुर ब्लाक में कल से...

तेंदूपत्ता तोड़ाई पर बारिश ने लगाई रोक, मानपुर ब्लाक में कल से शुरुआत

139
0

मौसम के कारण तोड़ाई की रफ्तार धीमी, अब तक सिर्फ 25 प्रतिशत ही तोड़ाई

राजनांदगांव (दावा)। इस साल शुरुआती दौर में मौसम बेहतर होने से तेंदूपत्ता की क्वालिटी बेहतर है। अंतिम दौर में तोड़ाई के समय बेमौसम बारिश से तेंदूपत्ता की तोड़ाई में कुछ समस्या सामने आई है। इसकी वजह से पत्ता तोड़ाई के काम में कुछ जगहों पर रोक लग गया है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के मानपुर और बाघनदी क्षेत्र में बारिश की वजह से तेंदूपत्ता की तोड़ाई शुरु नहीं हुई है। वहीं अन्य जगहों पर 8 मई से पत्ता की तोड़ाई शुरु हो गई है। अब तक 25 प्रतिशत पत्ता तोड़ाई का काम हुआ है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस साल राजनांदगांव जिले में एक लाख 26 हजार मानक बोरा तेन्दूपत्ता तोड़ाई का लक्ष्य रखा गया है। राजनांदगांव और खैरागढ़ वन मंडल में 8 मई से तेन्दूपत्ता की तोड़ाई का सिलसिला शुरू हो गया है। जिसमें बारिश की वजह से मानपुर व बाघनदी क्षेत्र में अत्यदिक बारिश होने से पत्ता तोड़ाई का काम रुका हुआ है। 15 मई से इन जगहों पत्ता तोड़ाई का काम शुरु होगा।
86 हजार 400 मानक बोरा तोड़ाई का लक्ष्य
राजनांदगांव वन मंडल में कुल 86 हजार 400 मानक बोरा तेंदूपत्ता तोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें 51 लाटों में तोड़ाई करते हुए समितियों में तेन्दूपत्ता की गड्डियां जमा की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों वन मंडल में तोड़ाई की गति धीमी है। इस साल तेन्दूपत्ता तोड़ाई में करीब सप्ताहभर की देरी भी हुई है। बीते साल की तुलना में जंगल में तेन्दूपत्ता की पैदावार में विलंब हुआ है। बताया जाता है कि खराब मौसम के कारण भी तोड़ाई समय पर असर पड़ा है। इस संबंध में राजनांदगांव डीएफओ गुरुनाथन ने बताया कि खराब मौसम के कारण मानपुर व बाघनदी क्षेत्र में तोड़ाई बंद थी। इन जगहों में 15 मई से पत्ता तोड़ाई का काम शुरु होगा। 100 गड्डी के एवज में 400 रुपए का पारिश्रमिक मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ वन मंडल में 28 हजार तेन्दूपत्ता संग्राहक तोड़ाई कार्य में लगे हुए हैं। खराब मौसम से तेंदूपत्ता की गुणवत्ता पर आंशिक असर पड़ा है। मई के आखिरी तक तेन्दूपत्ता तोड़ाई होगी। संग्राहकों को प्रति सौ गड्डी के एवज में 400 रुपए का पारिश्रमिक दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि तेन्दूपत्ता तोड़ाई की मियाद खत्म होते ही सप्ताहभर के अंदर संग्राहकों के खाते में मेहनताना जमा कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि राजनांदगांव जिले में पत्तों गुणवत्ता मई के दूसरे सप्ताह में अच्छी रहती है। इस कारण अन्य जिलों की तुलना में यहां करीब सप्ताहभर की देरी के बाद ही तोड़ाई शुरू होती है।

20 मई तक पूरा करना है तोड़ाई का काम

राजनांदगांव वन मंडल में चौकी, मोहला, खुज्जी, नादगांव में तोड़ाई का काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि जिले में तेंदूपत्ता तोड़ाई का काम 17 मई तक पूरा करना था, लेकिन मौसम की वजह से तोड़ाई का काम देरी से शुरु होने पर 20 मई तक तोड़ाई का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बताया जा रहा है कि कोविड-19 की शर्तों के बीच तेन्दूपत्ता की तोड़ाई होगी। दीगर राज्य के ठेकेदारों ने लॉट की नीलामी से मालिकाना हक हासिल किया है। वन अमले की ओर से ठेकेदारों को तोड़ाई के दौरान कोविड-19 के नियम कायदों का सख्त पालन करने का निर्देश दिया गया है। बाहरी राज्यों से आने वाले ठेकेदारों को क्वारेंटाईन भी रखा जाएगा। वहीं तेन्दूपत्ता संग्राहकों पर जमीनी अमले के जरिये नजर रखी जाएगी। स्वस्थ होने की स्थिति में ही तोड़ाई की अनुमति दी जाएगी। बताया जा रहा है कि तेन्दूपत्ता तोड़ाई के लिए वन बाशिंदों में जबर्दस्त उत्साह है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here