Home समाचार अंतराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम बदहाल, खेल गतिविधियां ठप्प

अंतराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम बदहाल, खेल गतिविधियां ठप्प

82
0

शहर के खेल मैदानों की अनदेखी, दम तोड़ रही प्रतिभाएं
राजनांदगांव (दावा)।
हॉकी की नर्सरी में अब खेल प्रतिभाएं दम तोड़ती नजर आ रही है। नर्सरी में हॉकी खेल को प्रोत्साहित करने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा करोड़ों की लागत से गौरवपथ रोड किनारे अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया गया है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से स्टेडियम शासन-प्रशासन की अनदेखी से बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। स्टेडियम में किसी प्रकार की सुविधा नहीं होने से खिलाड़ी मैदान में खेलने भी नहीं जा रहे हैं। ऐसे में शहर हॉकी की प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को उभरने का मौका नहीं मिल रहा है। गौरतलब है कि शहर के खेल मैदानों में किसी भी प्रकार की सुविधाएं नहीं है। जिसके चलते खेल प्रतिभाएं दम तोड़ती नजर आ रही है।

दर्शक दीर्घा की कई कुर्सियांं टूट-फूट गई हैं
हाकी मैदान में गैलरी व प्रवेश द्वार के पास कटीले खरपतवार उग आए हैं, जो धीरे-धारे जंगल में तब्दील हो रहा है। आसपास के अन्य मैदानों की भी यहीं स्थिति है। वहीं दर्शक दीर्घा की कई कुर्सियां टूट-फूट गई है। स्टेडियम के चारों ओर बनी बाउंड्रीवाल भी जर्जर हो गई है। बाउंड्रीवाल के दीवार की सीमेंट और ईंटें उखडऩे लगी है। लोहे की जालियों में जंग लग चुकी है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए खिलाडिय़ों के अभ्यास पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। जिसके बाद से स्टेडियम की तस्वीर ही बदल गई। दो साल के भीतर हाकी स्टेडियम में बड़े आयोजन नहीं हुए।

नए खिलाड़ी अभ्यास करने से हो रहे वंचित
करोड़ों की लागत से निर्मित स्टेडियम अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। संक्रमण कम होने के बाद खिलाडिय़ों को अभ्यास करने की अनुमति दे दी गई है। लेकिन अभ्यास करने आने वाले खिलाडिय़ों में अभी भी मायूसी छाई हुई है। खिलाडिय़ों ने बताया कि एस्ट्रोटर्फ में धूल और मिट्टी की परत जमी हुई है। जिसके कारण अभ्यास करने में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में मैदानों की स्थिति को देखते हुए हाकी के नये पौध तैयार करना बड़ी चुनौती है। स्टेडियम और एस्ट्रो टर्फ की हालत बेहद खराब है।

दिग्विजय स्टेडियम में उग आई जंगली घास
वहीं 54 करोड़ की लागत से बने दिग्विजय स्टेडियम का काम अभी पूरा भी नहीं हुआ है। इसके पहले ही यह बदहाल अवस्था में है। मिली जानकारी के अनुसार अधिकारियों की अनदेखी की वजह से स्टेडियम में काली मिट्टी डाली गई है। काली मिट्टी की वजह से पूरे स्टेडियम में जंगली घास उगी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here