गंडई पंडरिया (दावा)। वनांचल साल्हेवारा थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम भाजीडोंगरी निवासी सरोज निषाद पिता विष्णु निषाद उम्र 24 वर्ष की आत्महत्या मामले में लगभग एक महीने से फरार चल रहे साल्हेवारा वार्ड क्रमांक 15 निवासी साबीर मोहम्मद उर्फ सोनू पिता मीर मोहम्मद उम्र 25 वर्ष एवं दूसरा आसमीर खान उर्फ छोटू पिता मीर मोहम्मद उम्र 29 वर्ष को जिला सायबर सेल, गंडई थाना, एवं साल्हेवारा थाना के स्टाफ़ के टीम ने आरोपी को धमतरी जिला के नगरी (सिहावा) से बीते 15 अक्टूबर शुक्रवार को गिरफ्तार कर शनिवार 16 अक्टूबर को छुईखदान ज्यूडियल रिमाण्ड पर भेजा गया।
ज्ञात हो कि 18 सितंबर को मृतक के पिता प्रार्थी विष्णु निषाद पिता रामसिंह निषाद उम्र 51 वर्ष निवासी भाजीडोंगरी ने 18 सितंबर के प्रात: 9 बजे थाना पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका पुत्र सरोज निषाद 17 सितंबर के रात्रि 8 बजे घर के पास दुकान में सोने गया था। दूसरे दिन 18 सितंबर को प्रात: 8 बजे प्रार्थी की लडक़ी रमोतीन बाई निषाद भाजीडोंगरी स्थित किराना दुकान जाकर देखा तो उसका भाई सरोज दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था, जिस पर थाना साल्हेवारा को सूचना दिया गया। मौके पर पहुँचकर पुलिस ने पंचनामा तैयार कर जांच कार्यवाही में लिया जाकर मृतक सरोज निषाद के शव का पी एम कराया गया।
परिजनों गवाहों के कथन एवं मिले सुसाइड नोट पर आरोपीगण के विरुद्ध धारा सदर का अपराध घटित पाया गया, जिस पर आरोपी के खिलाफ धारा 306, 34 कायम किया गया है। उक्त कार्यवाही जिला पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण के निर्देशानुसार गंडई एसडीओपी अनुराग झा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साल्हेवारा कोमल राठौर, गंडई प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र एवं स्टाफ़ की भूमिका सराहनीय रही। एसडीओपी गंडई अनुराग झा ने कहा कि भाजीडोंगरी के युवक द्वारा आत्महत्या मामले में दोनों आरोपी को धमतरी से गिरफ्तार किया गया है। दोनों को आज न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय में पेश किया गया।



