रेल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के कोचों में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के चार्जिंग पॉइंट रात के समय बंद रखने के निर्देशों की पालना सख्ती से सुनिश्चित करने का फैसला किया है. अब ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रहेंगे. रेलवे प्रशासन ने इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं. साथ ही औचक निरीक्षण के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी ट्रेनों में निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद रखे जा रहे हैं या नहीं.
रेलवे की इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य चार्जिंग के दौरान मोबाइल फोन, पावर बैंक और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अत्यधिक गर्म होने से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है. कई बार लंबे समय तक चार्जिंग पर लगे रहने या उपकरणों में तकनीकी खराबी के कारण गर्म होने, शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है. ऐसे में रात के समय यात्रियों के सोने के दौरान इस तरह की घटनाएं अधिक जोखिमपूर्ण हो सकती है. इसी खतरे को कम करने के लिए रेलवे ने रात के निर्धारित घंटों में चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की व्यवस्था लागू की है.
औचक निरीक्षण से होगी निर्देशों की पालना की जांच
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देशों की पालना केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगी. इसके लिए ट्रेनों में औचक निरीक्षण भी किए जाएंगे. निरीक्षण के दौरान यह जांच की जाएगी कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कोचों में उपलब्ध चार्जिंग पॉइंट बंद हैं या नहीं. संबंधित रेल कर्मचारियों को भी इस व्यवस्था पर नजर रखने और यात्रियों को इसके बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं. रेलवे का मानना है कि इस कदम से ट्रेनों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कारण होने वाली आगजनी की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी. खासतौर पर लंबी दूरी की ट्रेनों में रात के समय बड़ी संख्या में यात्री मोबाइल और अन्य उपकरण चार्जिंग पर लगाकर सो जाते हैं. ऐसे में किसी उपकरण में खराबी आने पर समय रहते जानकारी नहीं मिल पाती. चार्जिंग पॉइंट बंद रहने से इस तरह के जोखिम को कम किया जा सकेगा.
उपकरण गर्म होने या धुआं निकलने पर तुरंत दें सूचना
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि मोबाइल फोन, पावर बैंक या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में असामान्य रूप से गर्म होने, धुआं निकलने अथवा किसी तरह की तकनीकी खराबी के संकेत दिखाई दें तो तुरंत ट्रेन स्टाफ को इसकी जानकारी दें. ऐसी स्थिति को नजरअंदाज करने के बजाय तत्काल सूचना देना जरूरी है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. रेलवे ने यात्रियों से रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की व्यवस्था का पालन करने और निर्धारित समय में मोबाइल या अन्य उपकरण चार्ज नहीं करने का अनुरोध किया है. रेलवे का यह कदम ट्रेनों में आग लगने जैसी संभावित घटनाओं का खतरा कम करने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है.




