Home समाचार जिला अस्पताल में सोमवार से शुरू होगी ओपीडी

जिला अस्पताल में सोमवार से शुरू होगी ओपीडी

115
0

डाक्टर्स अपने कक्ष में बैठकर मरीजों को दे रहे सेवाएं

राजनांदगांव(दावा)। शहर सहित जिले में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए मेडिकल कालेज अस्पताल बसंतपुर में समस्त ओपीडी को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया था, पखवाड़े भर बाद आज जिला अस्पताल की ओपीडी आंशिक रूप से खोल दी गई। हास्पिटल के तमाम डाक्टर्स अपने ओपीडी कक्ष में बैठकर मरीजों को चिकित्स सुविधाएं देते हुए पाये गये। अस्पताल प्रबंधन की माने तो सोमवार से ओपीडी पूरी तरह खोल दी जाएगी। मरीजों को पहले की तरह फिर से डाक्टरों से चिकित्सीय सुविधा मिलनी प्रारंभ हो जाएगी।
ज्ञात हो कि अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रदीप बैक को शिकायत के बाद भारमुक्त कर उनके बदले डॉ. संदीप चन्द्राकर को नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को डॉ. चन्द्राकर अस्पताल में जरूर आए थे, किंतु घंटा भर समय बिताने के बाद बगैर चार्ज लिए लौट गये। बताया जाता है कि वे यहां आना नहीं चाहते। उनके चार्ज नहीं लिए जाने पर डॉ. बैक अभी अस्पताल के पूरे काम-काज देख रहे है।
शहर सहित पूरे जिले भर में जिला प्रशासन द्वारा लगाए गये लाकडाउन के साथ ही 10 अप्रैल से बसंतपुर हास्पिटल के समस्त ओपीडी को अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यंत बंद कर दिया गया था, लेकिन अस्पताल में गंभीर व आवश्यक मरीजों का इलाज निरंतर रूप से चालू था। ओपीडी बंद रहने की स्थिति में डाक्टरों से आवश्यक चिकित्सीय सलाह के लिए डाक्टरों के नाम व मोबाइल नम्बर जारी किये गये थे। पीडि़त मरीज व उसके परिजन उन डॉक्टरों से दोपहर 12 बजे से 2 बजे तथा संध्या 5 से 6 बजे तक मोबाइल सम्पर्क कर इलाज संबंधी जानकारी ले रहे है।
हालांकि जिला अस्पताल की ओपीडी नहीं खुलने व कुछ डाक्टरों से मोबाइल पर सम्पर्क नहीं होने से मरीजों को परेशानी हो रही थी। आज 1 मई शनिवार को आंशिक रूप से ओपीडी खोले जाने से मरीजों को राहत मिली। अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रदीप बैक ने बताया कि सोमवार से अस्पताल की ओपीडी पूरी तरह खोल दी जाएगी। आज आंशिक रूप से खोले गये ओपीडी में सिविल सर्जन डॉ. यु.एस. चन्द्रवंशी पूर्व सिविल सर्जन डॉ. एम.के. दीवाकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश डुलानी, डॉ. वी.सी. जैन, राजेश सदानी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश खुंटे, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रज्ञा जायसवाल, नाक कान गला रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल सिंग, डॉ. अनिषा, डॉ. अल्पनांनंद सहित अन्य डाक्टर उपस्थित थे।
नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल सिंग ने बताया कि वे ओपीडी बंद काल में मरीजों को आन लाइन सेवा उपलब्ध कराते रहे। मेडिसीन के लिए उपलब्ध डॉ. चन्द्रवंशी व राजेश सदानी ने बताया कि वे पीडि़त मरीजों के मोबाइल काल आने पर उन्हें निरंतर चिकित्सीय सलाह देते रहे। आज आंशिक रूप से ओपीडी खुलने पर मरीजों का इलाज के लिए आना शुरू हो गया है। रविवार बंद के पश्चात सोमवार 3 मई से ओपीडी के पूरी तरह खुलने पर मरीजों को फिर से पहले की तरह चिकित्सीय सुविधाए मिलनी शुरू हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here