खैरागढ़:छह साल से अटके फतेह मैदान में भव्य प्रवेश द्वार निर्माण पूर्ण नहीं होने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विक्रांत सिंह ने गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकाल में फतेह मैदान के रियासतकालीन स्मृतियों को संजोए रखने की दृष्टि से यहां प्रवेश द्वार का निर्माण शुरू किया गया था। नगर पालिका में कांग्रेस की सत्ता आने के बाद इतने वर्षों बाद भी कार्य पूर्ण नहीं कराया जा सका। जबकि प्रवेश द्वार का ढंाचा खड़ा हो चुका है। यहां सिर्फ प्लास्टर और डिजाईन वर्क करना ही बाकी है।
श्री सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकाल में शहर के विकास के लिए ढेरों कार्य किए गए। अफसोस की बात है कि कांग्रेस उसका ठीक से रखरखाव तक नहीं कर पाई। कार्यकाल के पूरे पांच साल गुजर गए, लेकिन कांग्रेस ने विकास के नाम पर शहर में एक भी ऐसा कार्य नहीं किया, जिसे वह अपनी उपलब्धि गिना सके। शहर की जनता ने जो जनमत कांग्रेस को दिया था।उस पर वह खरी नहीं उतर पाई। उल्टा पूरा शहर विकास के दिशा में 10 साल पीछे चली गई है।
श्री सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह के सहयोग से पूरे शहर में बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई। शहर की हर छोटी-बड़ी गलियों और मुख्य मार्गों में सड़क बनाए गए। मांगलिक कार्यों के लिए सांस्कृतिक भवन बनाया गया। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राजा लाल बहादुर क्लब का कायाकल्प किया गया। फतेह मैदान में सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम बनाया गया। भव्य अटल उद्यान बनाया गया। आज हालात यह है कि जनता की सुविधाओं के लिए बने इन भवनों की मरम्मत तक कराने में कांग्रेस के पसीने छूट रहे हैं। भवनों की पोताई तक नहीं हो पा रहा है।
विक्रांत सिंह ने शहर की दुर्गति के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा राज्य में तीन साल की कांग्रेस की सत्ता आने के बाद भी नगर के विकास के लिए आज तक एक पत्थर तक नहीं रखा गया है। श्री सिंह ने कहा कि नगर को जितने प्यार से संवारा था।आज उसे उजाड़ देखकर मन दुखी हो रहा है। हालात यदि नहीं सुधरे तो भाजपा शहर के विकास के लिए सड़कर पर उतरकर लड़ाई लड़ेगी। जनता के साथ कांग्रेस की वादाखिलाफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



