ग्रामीणों ने की दुव्र्यवहार एवं लेनदेन की शिकायतें
अंबागढ़ चौकी (दावा)। अंबागढ़ चौकी तहसील कार्यालय सप्ताह भर से अधिकारी विहिन हो गया है। ऐसी स्थिति में राजस्व विभाग से जुड़ा हर काम पटरी से उतर गया है। बीते एक सप्ताह से राजस्व कार्यालय में विभिन्न कार्य लेकर आने वाले ग्रामीण तहसीलदार के नहीं होने से बैरंग लौट रहे है। तहसीलदार की अनुपस्थिति में बाबूओ की मनमानी बढ़ गई है। ग्रामीणो की शिकायत है की यहां पर कोई काम बिना लेने-देन के नहीं होता। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
वनांचल का सबसे बड़ा तहसील मुख्यालय 22अक्टूबर से तहसीलदार विहिन हो गया है। प्रभारी तहसीलदार, नायब तहसीलदार एच.एन.खुटे पदोन्नत होकर दंतेवाडा जिले के लिए कार्यमुक्त हो गए हैं और तहसील में पदस्थ एक अन्य नायब तहसीलदार अंबर गुप्ता अवकाश पर चल रहे हंै। एैसी स्थिति में राजस्व कार्यालय आरआई व बाबुओं के भरोसे चल रहा है। कुदुरघोडा, पीपरखार, दोढके, परसाटोला, दुर्रेटोला के ग्रामीण चन्द्रप्रकाश दखने, सुकलाल निषाद, जयराम गहिने, सुमन सहाडे, मथुरा प्रसाद, लतीश पैकरा, चन्द्रप्रकाश मंडावी, भागीरथी सरपे, रमेश कुमार रगडा, मोहनलाल चन्द्रवंशी, श्रीराम कोरेटीे, गैंदलाल ध्रुवे, बालसिंह नेताम ने बताया कि वे सप्ताह भर से तहसील कार्यालय से बैरंग लौट रहे है। तहसीलदार की अनुपस्थिति में कोई काम आगे नहीं बढ़ रहा है, जिससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत है कि तहसील कार्यालय में बाबू दुव्र्यवहार करते हैं। वे पैसे की मांग करते है। बिना मांग के कोई काम नहीं आगे बढ़ पाता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया की शुक्रवार को जब वे तहसील कार्यालय पहुंचे तो बाबुओं ने उनके आवेदन की पावती भी नहीं दी और मांग पूरी नहीं होने पर सीधे वापस भगा दिया। जानकारी के अनुसार तहसीलदार के नहीं होने से एक सप्ताह से आय,जाति, निवास, सहित राज्स्व विभाग व राजस्व न्यायालय से जुडे हर कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने तहसीलदार के रीडर तेजवानी पर दुव्र्यवहार का आरोप लगाते हुए जांच एवं कार्यवाही की मांग कर उन्हें स्थानातंरित करने की मांग की है।
वर्षों से जमे हैं बाबू, तहसील में अव्यवस्था
तहसील कार्यालय में पुरी तरह से अव्यवस्था का आलम है। यहां पर तहसीलदार के रीडर व बाबू वर्षों से जमे हुए हैं। स्थानीय नागरिकों व गांवो के लोगों की शिकायत है कि राजस्व कार्यालय में पदस्थ बाबू एवं अन्य कर्मचारी कार्यालय में काम लेकर पहुंचने वाले लोगों से सीधे मुंह बात नहीं करते। बिना डिमांड पूरी किए कोई भी काम आगे नहीं बढ़ता है। ब्लाक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रमेश त्रिपाठी, कांग्रेस नेता जसवंत साहू, डेरहा राम मेश्राम, चन्द्रपकाश दखने, रामेन्द्र गोआर्य, छोटेलाल कटेंगा, बसंत मंडावी आदि नेताओं ने वर्षो से जमे बाबुओं को हटाने की मांग की है। कांग्रेसी नेताओ ने आरोप लगाया कि तहसीलदार रीडर तेजवानी ग्रामीणों के साथ दुव्र्यवहार करते हैं। इनके खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए। इधर रीडर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया।
इस बारे में नायब तहसीलदार अंबर गुप्ता का कहना है कि तहसीलदार श्रीमती प्रीति लारोकर की चौकी तहसीलदार पद पर पदस्थापना हो गई है। उन्होंने आज पदभार ग्रहण कर लिया है। आवेदक किसी भी समस्या व शिकायत के निवारण के लिए तहसीलदार से संपर्क कर सकते हैं।



