Home samachar डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर राजनांदगांव में गूंजेगी जुबिन नौटियाल की...

डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर राजनांदगांव में गूंजेगी जुबिन नौटियाल की आवाज…

14

डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर दिग्विजय स्टेडियम में गूंजेगी जुबिन नौटियाल की आवाज, 15 अक्टूबर को होगा भव्य संगीतमय आयोजन

युवा वेलफेयर फाउंडेशन की तैयारियां तेज, भावेश बैद के नेतृत्व में जुटी टीम*,
इस बार के खास सरप्राइज को लेकर आयोजक ने बनाए रखी उत्सुकता

 

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव के विधायक डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर आगामी 15 अक्टूबर को शहर के ऐतिहासिक दिग्विजय स्टेडियम में विश्व प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल अपनी शानदार संगीतमय प्रस्तुति देंगे। इस बहुप्रतीक्षित आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम को भव्य एवं व्यवस्थित रूप देने के लिए युवा वेलफेयर फाउंडेशन की टीम भावेश बैद के नेतृत्व में तैयारियों में जी-जान से जुटी हुई है।

आयोजन की तैयारियों को लेकर भावेश बैद ने बताया कि इससे पूर्व शहर के स्टेट स्कूल मैदान में विख्यात गायक कैलाश खेर का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसे आमजनों का भरपूर प्यार और समर्थन मिला। दर्शकों की बड़ी संख्या के कारण आयोजन स्थल छोटा पड़ गया था। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार कार्यक्रम के लिए शहर के ऐतिहासिक दिग्विजय स्टेडियम का चयन किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस संगीतमय संध्या का आनंद ले सकें।


भावेश बैद ने कहा कि आयोजन समिति का प्रयास है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। इसके लिए टीम द्वारा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दर्शक सहजता और उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद उठा सकें।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके तथा वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर विश्व प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति संस्कारधानी के संगीतप्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण होगी।

क्या होगा इस बार खास, आयोजक ने बढ़ाई उत्सुकता
कार्यक्रम में इस बार कुछ खास होने के सवाल पर भावेश बैद ने मुस्कुराते हुए कहा कि इसे अभी सरप्राइज ही रहने दिया जाए। उन्होंने शहरवासियों को आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान ही इस विशेष आकर्षण का पता चलेगा।

कुल मिलाकर, 15 अक्टूबर को दिग्विजय स्टेडियम में होने वाली यह संगीतमय शाम शहरवासियों के लिए खास अवसर बनने जा रही है। अब लोगों को जुबिन नौटियाल की शानदार प्रस्तुति और आयोजकों की ओर से मिलने वाले सरप्राइज का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here