Home Uncategorized खैरागढ़ रास गरबा उत्सव में छाया उत्साह: मिनी से सीनियर वर्ग तक...

खैरागढ़ रास गरबा उत्सव में छाया उत्साह: मिनी से सीनियर वर्ग तक की टीमों ने बिखेरा जलवा, विक्रांत सिंह और गिरजा चंद्राकर की अगुवाई में हुआ यादगार समापन…

9

खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ के ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय भव्य रास गरबा महोत्सव का उमंग और उत्साह के साथ समापन हुआ। 22 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक गरबा उत्सव में इस वर्ष 65 से अधिक ग्रुप्स के लगभग 2200 प्रतिभागियों और हजारों दर्शकों की उपस्थिति ने पूरे मैदान को भक्ति और डांडिया के रंग में सराबोर कर दिया।

नगर दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक व जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर की अगुवाई में आयोजित इस 22वें रास गरबा महोत्सव की भव्यता देखते ही बन रही थी। आयोजन की शुरुआत कभी डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल प्रांगण से हुई थी, जो आज विशाल और भव्य स्वरूप ले चुका है।

अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह, विजेता टीमों का हुआ सम्मान

समारोह के अंतिम दिन जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, विकेश गुप्ता, रामाधार रजक, मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा, पार्षद विनय देवांगन, शशांक ताम्रकार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी व शहरवासी मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया:

मिनी ग्रुप: ब्राइट स्पार्क (प्रथम), वीपीएस स्टार (द्वितीय), इलिजियम पब्लिक स्कूल (तृतीय)।

जूनियर ग्रुप: आदर्श कन्या शाला (प्रथम), शुभ नवरात्रि स्क्वाड (द्वितीय), आंग्ल पूर्व माध्यमिक शाला (तृतीय)।

सीनियर ग्रुप: पीएम श्री बख्शी स्कूल (प्रथम), वेसलियन स्कूल (द्वितीय), हाईस्कूल अमलीपारा (तृतीय)।

फ्री ग्रुप: शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज (प्रथम), राधाकृष्ण गरबा ग्रुप (द्वितीय), युवा कॉलेज ऑफ आईटी (तृतीय)।

खैरागढ़ आइडल: रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय ग्रुप।

विशेष एवं व्यक्तिगत पुरस्कार

विशेष पुरस्कारों के अंतर्गत रंगरेज गरबा ग्रुप को ‘उभरते सितारे’, बरेठपारा ग्रुप को ‘स्वच्छता पुरस्कार’, नूर ए रास गरबा ग्रुप को ‘आकर्षक वेशभूषा’ तथा डाइट खैरागढ़ को ‘अनुशासित टीम’ का सम्मान मिला।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में ब्राइट स्पार्क ग्रुप के अभिराज शर्मा को मास्टर ईव, लिटिल डांडिया क्वींस ग्रुप की शिविजा मिश्रा को बेबी मिस ईव, पॉलिटेक्निक कॉलेज के मनपंवर पटेल को मिस्टर ईव और रंगरेज गरबा ग्रुप की आस्था सिंह को मिस ईव का खिताब दिया गया।

सहयोगियों के प्रति जताया आभार

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विक्रांत सिंह ने सभी वॉलेंटियर्स, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका सफाई टीम और मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन खैरागढ़ की एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन चुका है।

19 अक्टूबर को जस पचरा सम्राट दिलीप षड़ंगी की प्रस्तुति

नगर दशहरा उत्सव समिति द्वारा आगामी 19 अक्टूबर (सोमवार) को इसी राजा फतेह सिंह खेल मैदान में सुप्रसिद्ध जस पचरा सम्राट दिलीप षड़ंगी के भव्य भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here