Home samachar डोंगरगढ़ के लिए बड़ी सौगात : अब यहीं धुलेंगी और संवरेंगी...

डोंगरगढ़ के लिए बड़ी सौगात : अब यहीं धुलेंगी और संवरेंगी ट्रेनें…

74

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी पीट लाइन की सैद्धांतिक मंजूरी, सांसद संतोष पांडेय के प्रयासों को मिली सफलता

डोंगरगढ़ (दावा)। छत्तीसगढ़ के प्रमुख आस्था केंद्र डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन के विकास में एक और नया अध्याय जुडऩे जा रहा है। क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने डोंगरगढ़ में अत्याधुनिक पीट लाइन स्थापना को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया है। सांसद पांडेय ने नई दिल्ली में रेल मंत्री से भेंटकर स्टेशन पर ट्रेनों के नियमित रखरखाव, धुलाई और मरम्मत की स्थायी अधोसंरचना विकसित करने की मांग रखी थी। जिस पर रेल मंत्री ने शीघ्र कार्यवाही का भरोसा दिलाया।

आस्था के केंद्र के लिए क्यों जरूरी है यह सुविधा?
विश्व प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर और पूज्य जैन आचार्य विद्यासागर महाराज की समाधि स्थली होने के कारण डोंगरगढ़ में वर्षभर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। अब तक यहां मेंटेनेंस यार्ड व पीट लाइन जैसी सुविधाएं न होने के कारण ट्रेनों की धुलाई और तकनीकी जांच के लिए बाहर भेजना पड़ता था। इस निर्णय से क्षेत्र में रेलवे अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

पीट लाइन से क्षेत्र को मिलने वाले प्रमुख लाभ
पीट लाइन बनते ही डोंगरगढ़ से रायपुर, नागपुर और बिलासपुर दिशाओं के लिए नई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत आसान होगी। सांसद संतोष पांडेय ने बताया कि इस सुविधा के विकसित होने से डोंगरगढ़ केवल ट्रेनों के ठहराव वाला स्टेशन नहीं रहेगा। बल्कि यह कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का प्रारंभिक और गंतव्य (ओरिजिनेटिंग/टर्मिनेटिंग) स्टेशन बन जाएगा। नवरात्रि, चैत्र नवरात्र व अन्य वार्षिक मेलों के दौरान स्पेशल ट्रेनों का संचालन, ठहराव और मेंटेनेंस स्थानीय स्तर पर ही संभव होगा। जिससे भीड़ प्रबंधन में बड़ी मदद मिलेगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का कायाकल्प पहले से जारी है। लिफ्ट, एस्केलेटर, आधुनिक प्रतीक्षालय के साथ कोचिंग डिपो जुडऩे से यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। हाल ही में स्वीकृत 295 किलोमीटर लंबी डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना के साथ पीट लाइन की स्थापना इस पूरे अंचल को एक प्रमुख रेलवे हब के रूप में स्थापित करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here