धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दशहरा पर्व के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। नगरी के छिपली गांव में रामलीला मंचन के वक्त फ्लेमेबल स्प्रे (ज्वलनशील स्प्रे) से अचानक आग भड़क गई। इस दुर्घटना में हनुमान का किरदार निभा रहे युवक समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
रावण दहन के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, छिपली गांव में दशहरा के अवसर पर रामलीला का आयोजन किया गया था। इस दौरान रावण दहन के समय कुछ लोग फ्लेमेबल स्प्रे का इस्तेमाल कर आग का प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच स्प्रे से निकली आग बेकाबू होकर फैल गई और इसकी चपेट में रामलीला के कलाकार आ गए।
हनुमान का किरदार निभा रहे युवक की हालत गंभीर
इस हादसे में कुल तीन लोग आग की चपेट में आने से झुलस गए। इनमें हनुमान का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
मची भगदड़, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
अचानक मंच के पास आग भड़कने से वहां अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद दर्शकों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग की भयावता और लोगों को खुद को बचाते हुए साफ देखा जा सकता है।




