Home देश 10वीं में गणित के बाद साइंस के लिए मिलेंगे 4 दिन, 53...

10वीं में गणित के बाद साइंस के लिए मिलेंगे 4 दिन, 53 दिनों तक चलेगी 12वीं की परीक्षा

6

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे 10वीं और 12वीं के छात्रों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि किस विषय की परीक्षा कब होगी और दो पेपरों के बीच रिवीजन के लिए कितना समय मिलेगा.बोर्ड ने इस बार परीक्षा शुरू होने से 102 दिन पहले ही डेटशीट जारी कर दी है.ऐसे में छात्रों के पास अब अपनी तैयारी को विषयवार बांटने का मौका है.खास बात यह है कि 10वीं में गणित के पेपर के बाद विज्ञान की तैयारी के लिए चार पूरे दिन मिलेंगे.वहीं 12वीं के विज्ञान वर्ग के छात्रों को भी फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स और बायोलॉजी के बीच अलग-अलग अंतराल मिलेगा.

102 दिन पहले जारी हुई CBSE की डेटशीट
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है.इस बार बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से करीब 102 दिन पहले ही विषयवार कार्यक्रम घोषित कर दिया है.इससे स्‍टूडेंटस को यह समझने में आसानी होगी कि किस विषय को कितने समय में पूरा करना है और किस पेपर से पहले कितने दिन रिवीजन के लिए मिलेंगे.जारी कार्यक्रम के मुताबिक 10वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेंगी वहीं 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी और 9 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी यानी 10वीं की बोर्ड परीक्षा 22 दिनों में पूरी हो जाएगी जबकि 12वीं के स्‍टूडेंटस को करीब 53 दिनों तक परीक्षा देनी होगी.

10वीं में गणित के बाद विज्ञान के लिए मिलेंगे चार दिन
कक्षा 10वीं के स्‍टूडेंटस के लिए इस बार विषयों के बीच मिलने वाला अंतराल तैयारी के लिहाज से अहम है.गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक की परीक्षा 17 फरवरी 2027 को निर्धारित की गई है.इसके बाद विज्ञान का पेपर 22 फरवरी को होगा.इस तरह गणित की परीक्षा खत्म होने के बाद स्‍टूडेंटस को विज्ञान की तैयारी और रिवीजन के लिए चार पूरे दिन मिलेंगे.गणित और विज्ञान दोनों ही ऐसे विषय हैं जिनमें नियमित अभ्यास और कॉन्सेप्ट की समझ जरूरी होती है.ऐसे में दोनों पेपरों के बीच मिला यह अंतराल छात्रों को कमजोर टॉपिक दोहराने, सवालों की प्रैक्टिस करने और जरूरी चैप्टर का रिवीजन करने का मौका देगा.

अंग्रेजी, हिंदी और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा कब होगी?

10वीं के स्‍टूडेंटस को विज्ञान के बाद अंग्रेजी की तैयारी के लिए भी कुछ समय मिलेगा.डेटशीट के अनुसार, अंग्रेजी की परीक्षा 26 फरवरी को आयोजित की जाएगी.इसके बाद हिंदी का पेपर 3 मार्च को होगा.वहीं, सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 8 मार्च 2027 को निर्धारित है.कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च को समाप्त हो जाएंगी.इस तरह बोर्ड ने प्रमुख विषयों की परीक्षाओं के बीच तैयारी और रिवीजन के लिए अलग-अलग अंतराल रखा है.स्‍टूडेंटस को अब डेटशीट के हिसाब से अपनी पढ़ाई का शेड्यूल बनाना चाहिए ताकि किसी एक विषय की तैयारी के कारण दूसरे विषय का रिवीजन प्रभावित न हो.

12वीं की परीक्षा 53 दिनों तक चलेगी
कक्षा 12वीं के स्‍टूडेंटस के लिए बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम 16 फरवरी से 9 अप्रैल 2027 तक निर्धारित किया गया है.इस तरह इंटरमीडिएट की परीक्षाएं करीब 53 दिनों तक चलेंगी.विज्ञान वर्ग के छात्रों के लिए प्रमुख विषयों की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं.डेटशीट के अनुसार 12वीं के स्‍टूडेंटस का भौतिक विज्ञान यानी फिजिक्स का पेपर 16 फरवरी को होगा.इसके बाद रसायन विज्ञान यानी केमिस्ट्री की परीक्षा 27 फरवरी को निर्धारित की गई है.वहीं गणित का पेपर 9 मार्च को आयोजित होगा.जीव विज्ञान यानी बायोलॉजी की परीक्षा 25 मार्च को होगी.इस शेड्यूल में फिजिक्स और केमिस्ट्री के बीच 10 दिन का अंतर है.केमिस्ट्री के बाद गणित की तैयारी के लिए भी समय मिलेगा.वहीं गणित की परीक्षा के बाद बायोलॉजी का पेपर 25 मार्च को होगा.इस तरह विज्ञान वर्ग के स्‍टूडेंटस को अपने प्रमुख विषयों की तैयारी और रिवीजन के लिए अलग-अलग अंतराल मिलेंगे.

10वीं के 83 और 12वीं के 121 विषयों की डेटशीट जारी
इस बार सीबीएसई ने कक्षा 10वीं के 83 विषयों और कक्षा 12वीं के 121 विषयों की परीक्षा के लिए समय-सारिणी तैयार की है यानी बोर्ड ने दोनों कक्षाओं के अलग-अलग विषयों को ध्यान में रखते हुए पूरा परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है. दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी.ऐसे में विद्यार्थियों को परीक्षा के दिन रिपोर्टिंग टाइम, परीक्षा केंद्र और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी भी अपने स्कूल से पहले ही हासिल कर लेनी चाहिए.