Home देश 9 दिन तक गरजेंगे भारत के फाइटर जेट, चीन के पास आसमान...

9 दिन तक गरजेंगे भारत के फाइटर जेट, चीन के पास आसमान में लगेगा लॉकडाउन, वायुसेना का है बड़ा प्लान

5

हिमालय की गोद में भारत अपना पराक्रम दिखाने को बेताब है. चीन सीमा के पास भारत अपनी सैन्य ताकत और तैयारियों का दम दिखाने जा रहा है. उत्तराखंड के आसमान में 13 नवंबर से लॉकडाउन लगेगा. कारण कि इस दौरान भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान गरजेंगे. जी हां, उत्तराखंड के आसमान में 13 से 21 नवंबर तक वायुसेना का एक सप्ताह का हाई-इंटेंसिटी हवाई अभ्यास होगा. एलएसी यानी चीन से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के बेहद करीब होने वाले इस हाई-इंटेंसिटी हवाई अभ्यास में दुश्मन के किसी भी दुस्साहस का जवाब देने की तैयारियों को परखा जाएगा. आसमान में फाइटर जेट की गर्जना सुनाई देगी. भारतीय वायुसेना अपनी युद्ध क्षमता, सटीक हमले की रणनीति और दुर्गम हिमालयी इलाकों में ऑपरेशन करने की ताकत का परीक्षण करेगी. साफ संदेश है- भारत की सीमाओं पर नजर रखने वालों, सावधान.
दरअसल, भारतीय वायुसेना उत्तराखंड के ऊपर एक सप्ताह तक चलने वाला हाई-इंटेंसिटी वाला हवाई अभ्यास करने जा रही है. इस अभ्यास के तहत वायुसेना की गतिविधियां वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के काफी करीब होंगी. इसके लिए क्षेत्र के हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाने वाला NOTAM (नोटिस टू एयरमेन) जारी किया गया है. यह प्रतिबंध 13 नवंबर से 21 नवंबर तक लागू रहेगा.
फाइटर जेट गरजेंगे आसमान में

अधिकारियों के मुताबिक, इस हवाई अभ्यास में भारतीय वायुसेना के अग्रिम मोर्चे के लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे. आमतौर पर भारत के पूर्वी और उत्तरी सेक्टर सैन्य अभियानों को लेकर चर्चा में रहते हैं. हालांकि, मध्य हिमालय में स्थित मध्य सेक्टर में भी पिछले कुछ वर्षों के दौरान सैन्य बुनियादी ढांचे, अग्रिम हवाई अड्डों और निगरानी नेटवर्क का लगातार विस्तार हुआ है.

एक हफ्ते तक चलने वाले इस अभ्यास में फ्रंटलाइन लड़ाकू विमान शामिल होंगे. इसका मकसद ऑपरेशनल फुर्ती, ‘बियॉन्ड विजुअल रेंज’ (BVR) कॉम्बैट टैक्टिक्स (लड़ाकू तकनीक) और हिमालय के कठिन इलाकों में ऊंचे स्थानों पर इंजन के प्रदर्शन को परखना है.
इससे क्या फायदा होगा भारत को?
सेंट्रल उत्तराखंड के ऊपर हवाई अभ्यास से महत्वपूर्ण एडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड (ALG) पर सामरिक अभियानों की क्षमता जांचने का भी मौका मिलेगा. इसके अलावा तेजी से सैन्य बलों की तैनाती, एक घाटी से दूसरी घाटी में सैनिकों को पहुंचाने और हवाई रसद सहायता की तैयारियों को भी परखा जाएगा.
नोटम जारी करने से क्या होगा?
अभ्यास के लिए तय किए गए क्षेत्रों की वजह से सामान्य नागरिक उड़ानों के रूट प्रभावित होंगे. कमर्शियल एयरलाइंस को सलाह दी गई है कि वे पहले से ही भारतीय वायु सेना के साथ संपर्क कर लें, ताकि वे अपने शेड्यूल में बदलाव कर सकें और देरी को कम से कम किया जा सके.

NOTAM क्या है और क्यों जारी किया जाता है?
NOTAM यानी ‘नोटिस टू एयरमेन’ (Notice to Airmen) एक आधिकारिक सूचना होती है. इसे विमानन अधिकारियों की ओर से पायलटों और एयरलाइंस को दिया जाता है. इसके जरिए हवाई क्षेत्र से जुड़ी किसी महत्वपूर्ण जानकारी, प्रतिबंध या अस्थायी बदलाव के बारे में बताया जाता है. मसलन, किसी इलाके में सैन्य अभ्यास, मिसाइल परीक्षण, हवाई प्रदर्शन या सुरक्षा कारणों से उड़ानों पर रोक लगानी हो तो NOTAM जारी किया जाता है. इसका मकसद पायलटों को पहले से सतर्क करना, उड़ानों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करना और संभावित दुर्घटनाओं या सैन्य गतिविधियों से टकराव को रोकना है.