22 एकड़ से अधिक भूमि को समतल करने की तैयारी, एसडीएम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
राजनांदगांव। बसंतपुर क्षेत्र स्थित वर्षों पुराने कोढ़ी खाना पर शनिवार को नगर निगम और जिला प्रशासन का बुलडोजर चल गया। 22 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैली इस भूमि पर बने भवनों और बाउंड्रीवाल को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में धराशायी कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम गौतम कुमार पाटिल, बसंतपुर थाना प्रभारी कौशलेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर तैनात रहे।
रहवासियों को बाहर निकालकर ढहाए गए भवन
प्रशासनिक अमले ने कार्रवाई की शुरुआत परिसर के रिहायशी हिस्सों में रह रहे लोगों को बाहर निकालने से की। इसमें वहां निवासरत मालती यादव के परिवार सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों को उनके सामानों के साथ परिसर से बाहर किया गया। इसके बाद बुलडोजर की मदद से खाली कराए गए भवनों और बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया गया। ठंड के मौसम में अचानक आशियाना छिन जाने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। जिससे महिलाएं भावुक होकर रो पड़ीं।
1905 में मिली थी लीज, 2005 में समाप्त हो चुकी थी अवधि
जानकारी के अनुसार, तत्कालीन राज परिवार द्वारा वर्ष 1905 में कुष्ठ रोगियों के उपचार एवं धर्मार्थ कार्यों के लिए यह जमीन लीज पर दी गई थी। जिसकी अवधि वर्ष 2005 में ही समाप्त हो चुकी है। आरोप है कि लीज समाप्त होने के बाद मूल संस्था ने इसका संचालन बंद कर इसे अन्य हाथों में सौंप दिया था। इसके बाद से धर्मार्थ की इस भूमि का उपयोग व्यावसायिक रूप से अर्थोपार्जन के लिए किया जा रहा था।
धर्मार्थ की आड़ में व्यावसायिक गतिविधियां, वार्डवासियों ने जताई खुशी
कार्रवाई देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में वार्डवासी एकत्रित हो गए। स्थानीय नागरिकों और वार्डवासी केजुराम साहू ने बताया कि परिसर में कुष्ठ रोगियों का इलाज पूरी तरह बंद हो चुका था और मरीजों को बाहर निकाल दिया गया था। इसकी आड़ में संचालकों द्वारा 22 एकड़ जमीन पर खेती-बाड़ी, तालाब में मछली पालन और मकानों को किराए पर देकर कमाई की जा रही थी। साथ ही, परिसर से होकर बायपास रोड जाने वाले पुराने आम रास्ते को भी बंद कर दिया गया था। पूर्व पार्षद अनुराग, ऋषि शास्त्री और वार्डवासियों द्वारा इस मामले की शिकायत किए जाने के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है। नागरिकों ने प्रशासन की कार्रवाई पर खुशी जताते हुए बायपास पहुंच मार्ग को पुन: खुलवाने की मांग की है।
उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार कोढ़ी खाना के अवैध व जर्जर भवनों को बुलडोजर के माध्यम से धराशायी किया जा रहा है। आज-कल में मलबा हटाकर पूरी जमीन को समतल कर दिया जाएगा।
– गौतम कुमार पाटिल
एसडीएम, राजनांदगांव




