राजनांदगांव। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा 38वीं एनसीसी बटालियन के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (Combined Annual Training Camp) में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
16 से 25 नवम्बर 2026 तक संचालित इस प्रशिक्षण शिविर में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री कृष्णकांत वाजपेयी के पर्यवेक्षण तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री शंकरगिरी गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगभग 350 एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री शंकरगिरी गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक श्री येन लाल चंद्राकर, आरक्षक क्रमांक 1270 कपिल श्रीवास्तव, आरक्षक क्रमांक 113 ओमप्रकाश सिन्हा और आरक्षक क्रमांक 1099 रविकांत ने कैडेट्स को सड़क सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण होती हैं, इसलिए नियमों का पालन प्रत्येक वाहन चालक की आदत में शामिल होना चाहिए।
कार्यक्रम में कैडेट्स को दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई (ISI) मार्क हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में चालक समेत सभी यात्रियों को सीट बेल्ट लगाने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही तेज रफ्तार से वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूक युवा स्वयं नियमों का पालन कर अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित कर सकते हैं।
इस जागरूकता कार्यक्रम में कर्नल प्रवल, लेफ्टिनेंट कर्नल संजेश कुमार भवनानी, सूबेदार मेजर सतवड़ी सिंह (सेना मेजर) सहित अन्य सैन्य अधिकारी, स्टाफ के 17 सदस्य और करीब 350 एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे। अंत में यातायात पुलिस ने अपील की कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें तथा हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, क्योंकि थोड़ी सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है।




