पुलिस ने मोहड़ अवैध रेत उत्खनन व गोलीबारी के मामले में फरार 3 आरोपियों को धर दबोचा
राजनांदगांव (दावा)। शहर में इन दिनों मोहड़ वार्ड के रेत उत्खनन व इस दौरान हुए गोली चालन का मामला गरमाया हुआ है। पुलिस भी उक्त घटना से संबंधित आरोपियों को एक-एक कर पकडऩे और रिमांड में भेजने में जुटी हुई है। अभी तक मोहड़ वार्ड पार्षद, जेसीबी चालक, जेसीबी व हाइवा देने वाला व मास्टर माइंड कहा जाने वाले आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके है। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना से संबंधित फरार चल रहे तीन और आरोपियों को एमपी के ग्वालियर, भोपाल आदि जगहों से धर दबोच लाया है। बताया जाता है कि मोहड़ में हुई उक्त गोली काण्ड की घटना में विडियो में नजर आ रहे वहीं तीनों लोग थे जिन्हें पुलिस द्वारा एमपी से धर दबोचा गया है।
पुलिस के जनसंवाद कक्ष में ली गई प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया कि रेत उत्खनन के मामले में मोहड़ ग्रामवासियों को दबाने के लिए बाहर से इन लोगों को बुलाया गया था। घटना के दौरान 2 वेपन का उपयोग किया गया था जिसमें से एक देशी कट्टा व जिंदा कारतूस पुलिस के हाथ लगी है। गोली चालन की घटना के बाद दो अलग-अलग रुटो से निकल कर आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा इनकी सरगर्मी से पता तलाशी की जा रही थी। अंतत: इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
नदी से रेत निकालने रैंप का निर्माण
बसंतपुर थाना क्षेत्र के वार्ड मोहड़ में घटी इस घटना के संबंध में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 11 जून की रात्रि 7 से 7:30 बजे के बीच ग्राम मोहड नदी में अवैध तरीके से रेत निकालने के लिए रैम्प निर्माण के लिए जेसीबी चालक पहुंचा था। जिसे रोकने के लिए कुछ ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे जहां कार में सवार 7-8 लोग उतर कर ग्रामीणों से मारपीट करते हुए देशी कट्टा से फायरिंग किये है। इस रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर मे अपराध क्रमांक 257/2025 धारा 109(2), 191(2), 191(3), 190, 296, 115(2), 351(2) बीएनएस 25, 27 आर्मस एक्ट एवं मायनिंग एक्ट की धारा 21 कायम कर विवेचना में लिया गया है।
गठित टीम द्वारा अलग-अलग जगह दी जा रही थी दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सीएसपी पुष्पेन्द्र नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, प्रभारी थाना डोंगरगांव अवनीश श्रीवास, थाना प्रभारी घुमका बसंत बघेल एवं ओ.पी. चिखली प्रभारी उमेश बघेल की संयुक्त पांच लोगों की टीम गठित कर आरोपी पतासाजी एवं उनकी शीघ्र गिरफ्तारी हेतु अलग-अलग जगह इनके विभिन्न ठिकाने नागपुर, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर आदि जगहों में दबिश दे रही थी। विवेचना के दौरान पूर्व में संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया था। विवेचना के दौरान प्रकरण के अन्य फरार आरोपी की पतासाजी हेतु गठित टीम द्वारा प्रकरण के घटना में संलिप्त आरोपी जितेन्द्र नारौलिया पिता जवाहर शर्मा उम्र 30 साल निवासी सिंगपुर रोड, देसाई नगर मुरार ग्वालियर, अमन सिंह परिहार पिता सुनील सिंह परिहार उम्र 27 साल निवासी विजय नगर कॉलोनी, आमखो लश्कर, ग्वालियर व अभय सिंह तोमर पिता अमोल सिंह तोमर उम्र 20 साल निवासी ग्राम घनैता थाना इंडोरी तहसील गोहद जिला भिण्ड म.प्र. हाल पता गायत्री विहार कॉलोनी, पिन्टो पार्क मुरार ग्वालियर को भोपाल से हिरासत में लेकर राजनांदगांव लाया गया।
आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया
आरोपी से सख्ती से पूछताछ करने पर जुर्म कारित करना स्वीकार किया जिसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रेस वार्ता में बताया गया कि आरोपी अभय सिंह तोमर के कब्जे से 1 नग देशी कट्टा एवं 1 नग जिन्दा कारतूस जप्त किया गया तथा गिरफ्तार आरोपी अभिनव तिवारी का ट्रांजिट रिमाण्ड लेकर अपराध में प्रयुक्त वाहन एम.जी.हैटर क्रमांक सीजी-08/एआर 7157 को जप्त कर थाना लाया गया।



