Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव: योग दिवस पर जागरूकता का संदेश, स्वस्थ जीवन के लिए परिवार...

राजनांदगांव: योग दिवस पर जागरूकता का संदेश, स्वस्थ जीवन के लिए परिवार के हर सदस्य को करना चाहिए योग- विक्रांत सिंह…

23
0

योग दिवस पर भाजपा का प्रबुद्धजन सम्मेलन ऑडिटोरियम में होगा – कोमल सिंह राजपूत

राजनांदगांव (दावा)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला भाजपा द्वारा आज प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए केसीजी के जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि जैसा कि आप सभी जानते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अब हर वर्ष विश्व भर में मनाया जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ ने इस दिवस की मान्यता दी और इस दिन दुनिया के सभी देशों में कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। भारत के लिए यह बड़े ही गौरव की बात है। यह 2015 से हर साल 21 जून को मनाया जाता है। क्योंकि उत्तरी गोलाद्र्ध में सबसे लंबा दिन इस दिन होता है और आध्यात्मिक सिद्धियों के लिए यह उपयुक्त समय होने के कारण इस दिन का चयन मोदीजी ने किया। सन 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में इस प्रस्ताव को 177 देशों का समर्थन मिला था।

हर वर्ष अलग-अलग थीम पर यह दिवस मनाया जाता है। सन 2025 की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग (योगा फ ार वन अर्थ, वन हेल्थ) है। राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर योग सत्र, शिविर और कार्यशालाओं का आयोजन होगा। पूर्व की तरह ही स्कूलों, कॉलेजों और कार्यस्थलों में योग कार्यक्रम जिसमें सामूहिक योगाभ्यास और जागरूकता सत्र होंगे। इस प्रेस के माध्यम से हम जनता से निवेदन करते हैं कि सभी इस आयोजन से जुड़ें। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। जहां कल शासन द्वारा भी यह दिवस मनाया जाएगा।

श्री सिंह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से योग की महत्ता को रेखांकित किया गया है। इस विशेष दिन पर नागरिकों से यह अपील की गई है कि वे अपने जीवन में नियमित रूप से योग को शामिल करें और पूरे परिवार को स्वस्थ रखने के लिए एक सामूहिक प्रयास करें।

श्री सिंह ने कहा की योग केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक संतुलन का माध्यम भी है। विशेषज्ञों का कहना है कि भागदौड़ भरी जीवनशैली, मानसिक तनाव, अनियमित खानपान और डिजिटल जीवनशैली से होने वाली परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए योग सबसे प्रभावी उपाय है। आज के समय में जब बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक कई तरह की शारीरिक और मानसिक समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में योग एक सरल और सुलभ समाधान है। श्री सिंह ने कहा की परिवार के सभी सदस्यों को मिलकर सुबह जल्दी उठकर योग करना चाहिए। यह न केवल शरीर को चुस्त-दुरुस्त बनाता है, बल्कि मानसिक शांति भी प्रदान करता है। बच्चों में एकाग्रता, धैर्य और आत्मनियंत्रण बढ़ाने के लिए योग बहुत ही उपयोगी है। श्री सिंह ने बताया की वृद्धजनों के लिए योग जोड़ों के दर्द, मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों को नियंत्रित करने में मदद करता है, वहीं युवाओं के लिए यह फिटनेस और आत्मविश्वास बढ़ाने का जरिया है। महिलाओं के लिए योग हार्मोन संतुलन और मानसिक स्थिरता लाने में सहायक है। श्री सिंह ने कहा की योग दिवस पर आयोजित शिविरों, विद्यालयों, सामुदायिक केंद्रों और ऑनलाइन सत्रों के माध्यम से लोगों को यह प्रेरणा दी गई कि योग कोई एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि इसे रोज़मर्रा की आदत बनाना चाहिए। यदि प्रत्येक परिवार योग को अपनाता है तो न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुधरेगा, बल्कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव भी मजबूत होगी। अत: आज के दौर में यह आवश्यक हो गया है कि हम सब मिलकर इस प्राचीन भारतीय परंपरा को जीवन का हिस्सा बनाएं और ‘योगा फॉर वेलनेस’ को अपनी दिनचर्या में स्थान दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here