Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव: नाले में बहे दो व्यक्ति, एक का शव मिला, दूसरे की...

राजनांदगांव: नाले में बहे दो व्यक्ति, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी…

88
0

दिन ढलने के कारण रोक दिया सर्च ऑपरेशन, दुर्ग और राजनांदगांव की दो टीम कर रही तलाश

राजनांदगांव/छुरिया (दावा)। बुधवार शाम जिले के गैंदाटोला-फाफामार मार्ग पर स्थित एक छोटे पुलिया नदी नाले में बाढ़ के तेज बहाव में बह गए दो व्यक्तियों में से एक का शव आज सुबह लगभग दो किलोमीटर दूर झाडिय़ों में अटका हुआ मिला। दूसरे व्यक्ति की तलाश जारी है, लेकिन दिन ढलने के कारण फिलहाल सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है। दुर्ग और राजनांदगांव की दो गोताखोर टीमें इस तलाश में जुटी हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम लगभग 6:30 बजे गैंदाटोला निवासी केशव धरमगुड़ी (55 वर्ष) और बिरेंद्र यादव छोटे पुलिया नदी को पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान, पानी के अत्यधिक तेज बहाव में दोनों बह गए। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और देर रात तक उनकी तलाश की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। आज सुबह लगभग 7 बजे दुर्ग और राजनांदगांव की गोताखोर टीमों ने सघन तलाश अभियान चलाया। तलाशी के दौरान, घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर थाने के पीछे झाडिय़ों में एक पेड़ से केशव धरमगुड़ी का शव लटका हुआ मिला, जिसे गोताखोरों ने बाहर निकाला। मृतक का आज ही पोस्टमार्टम कर गैंदाटोला पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया। जिसके बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
परिवार को मिलेंगे ४ लाख
अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने छुरिया विकासखंड के ग्राम गैंदाटोला के समीप फाफामार नाला में डूबे हुए दो व्यक्ति केशव धरमगुड़ी एवं देवेन्द्र यादव के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मृतक केशव धरमगुड़ी का शव मिल गया है। ग्राम पंचायत द्वारा श्रद्धांजलि योजना के तहत उनका अंतिम संस्कार किया गया। अपर कलेक्टर ने एसडीएम डोंगरगांव को आरबीसी 6-4 के तहत प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि आरबीसी 6-4 के तहत मृतक के परिवार को 4 लाख रूपए की राशि प्राप्त होगी।
नगर सेनानी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि उनकी टीम द्वारा राहत एवं बचाव के लिए लगातार कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि मृतक केशव धरमगुड़ी का शव प्राप्त हो गया है। वहीं दुर्ग से राज्य आपदा मोचन बल की टीम यहां रेस्क्यू के लिए आयी है। शाम तक दूसरे व्यक्ति के संबंध में शाम तक जानकारी नहीं मिलने पर रेस्क्यू के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आएगी।
दूसरे व्यक्ति बिरेंद्र यादव की तलाश में गोताखोरों की दो टीमें दिन भर जुटी रहीं, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दिन ढलने के कारण सर्च ऑपरेशन फिलहाल रोक दिया गया है और यह कल सुबह फिर से शुरू किया जाएगा। इस घटना के बाद प्रशासन भी हरकत में आया है। तहसीलदार विजय कोठारी ने आसपास के नदी-नालों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर ग्रामीणों को तेज बारिश और बाढ़ से सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने उफनते नदी-नालों को पार न करने की सख्त हिदायत भी ग्रामीणों को दी है ताकि ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here