एम पी के ग्वालियर से पकड़ कर लाया गया आरोपी
राजनांदगांव (दावा)। शहर के मोहड़ वार्ड में बहने वाली शिवनाथ नदी से अवैध रेत उत्खनन व फायरिंग की घटना के एक और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उक्त घटना के आरोपियों को पकडऩे के लिए बसंतपुर पुलिस सहित बनाई गई टीम द्वारा उक्त आरोपी को एमपी के ग्वालियर क्षेत्र से पकड़ कर लाया गया है। आरोपी का नाम बल्ली उर्फ मनु उर्फ मनोज सिकरवार पिता कमल सिंह सिकरवार 25 वर्ष निवासी ग्राम खिंड़ौरा थाना चिन्नोनी जिला मुरैना मध्यप्रदेश बताया जाता है।
बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू ने बताया कि गत दिनों 11 जून को देर शाम 7:30 बजे के बीच ग्राम मोहड नदी में अवैध तरीके से रेत निकालने के लिए रैम्प निर्माण के लिए जेसीबी चालक पहुॅचा था। जिसे रोकने के लिए कुछ ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे जहां कार में सवार 7-8 लोग उतर कर ग्रामीणों से मारपीट करते हुए फायरिंग किये है कि रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर मे अपराध क्रमांक 257/2025 धारा 109(2), 191(2), 191(3), 190, 296, 115(2), 351(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्मस एक्ट, मायनिंग एक्ट की धारा 21 कायम कर विवेचना में लिया गया है।
आठ आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश व मार्गदर्शन में पृथक-पृथक टीम गठित कर आरोपी पतासाजी एवं उनकी शीघ्र गिरफ्तारी हेतु अलग-अलग जगह इनके विभिन्न ठिकाने दिल्ली, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, भिण्ड, मुरैना आदि जगहों में दबिश दी जा रही थी।
विवेचना के दौरान पूर्व में आरोपी जेसीबी चालक भगवती निषाद, पार्षद संजय रजक, अभिनव तिवारी, अतुल सिंह तोमर, जितेन्द्र नारौलिया, अमन सिंह परिहार, अभय सिंह तोमर पिता अमोल सिंह तोमर, कृष्णा उर्फ गोलू गुर्जर आदि पुलिस के हत्थे चढ़े थे, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जिला जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में ली गई प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा ने बताया कि विवेचना के दौरान प्रकरण के अन्य फरार आरोपी की पतासाजी गठित टीम द्वारा की जा रही थी कि घटना में संलिप्त आरोपी से फल्ली उर्फ मनू उर्फ मनोज सिकरवार को ग्वालियर से हिरासत में लेकर राजनांदगांव लाया गया।
आरोपी से सख्ती से पूछताछ करने पर जुर्म कारित करना स्वीकार किया एवं आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार आई-20 क्रमांक एमपी/07/सीजी/1155 जप्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि प्रकरण के आरोपी फल्ली उर्फ मनू आदतन बदमाश प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके विरूद्व थाने में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज है। मोहड़ वाले मामले से संबंधित संजय सिंह बघेल व अन्य की गिरफ्तारी हेतु अलग-अलग टीम गठित कर सरगर्मी से पता तलाश किया जा रहा है।



