राजनांदगांव (दवा)। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देश पर, राजनांदगांव पुलिस ने जुआ, सट्टा, नशीले पदार्थों और अवैध शराब बिक्री में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में, 18 सितंबर को सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर, इंडस्ट्रियल एरिया स्थित हनुमान मंदिर के पास छापा मारा गया। इस दौरान, रवि यादव (पिता स्व. गणेशराम यादव, उम्र 35 वर्ष, निवासी सहदेव नगर, थाना बसंतपुर) को रंगे हाथ अवैध सट्टा लिखते और खिलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से सट्टा से जुड़े कई सामान और नकदी जब्त की। इसमें 43 पन्नों में लिखी सट्टा पट्टी, एक कैलकुलेटर, एक लाल डायरी, 13 डॉट पेन, दो क्यूआर कोड स्कैनर, दो मोबाइल फोन और 2840 रुपये नगद शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ अप.क्र. 535/25 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल वारंट मिलने पर उसे जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम, प्र.आर. शंभूनाथ द्विवेदी, आरक्षक रामखिलावन सिन्हा और अन्य थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



