Home छत्तीसगढ़ राजीव नगर में दूषित पानी की सप्लाई, वार्ड में बीमारी का खतरा-जिम्मेदारों...

राजीव नगर में दूषित पानी की सप्लाई, वार्ड में बीमारी का खतरा-जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग…

48
0

राजनांदगांव (दावा)। राजीव नगर वार्ड क्रमांक 42 व 43 में पिछले कई दिनों से गंदे एवं दूषित पानी की सप्लाई जारी है। जिसके कारण वार्डवासियों में भारी आक्रोश है। समस्या बढऩे पर पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री एवं मितानिन बहनों ने घर-घर जाकर नागरिकों से मुलाकात की। स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी दी और नगर निगम आयुक्त को शिकायत सौंपकर त्वरित सुधार की मांग की। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि दूषित पानी के कारण पीलिया, खुजली, पेट एवं वायरल संक्रमण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं तथा कई लोग इलाज करवा रहे हैं।

स्थिति गंभीर एवं जनस्वास्थ्य से जुड़ी होने पर नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्वे प्रारंभ किया। जांच में सप्लाई पानी में क्लोरीन की मात्रा अत्यंत कम पाई गई। जिसके बाद अन्य नमूने लैब जांच हेतु भेजे गए। पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने कहा कि ‘अमृत मिशन के तहत ठेका मिलने के बावजूद कंपनी पिछले 15 दिनों से मेंटेनेंस बंद किए हुए है। यह सीधे-सीधे लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। प्रशासन जवाबदेह बने और जनता को बीमारी देने वाले ठेकेदारों पर तुरंत एफआईआर दर्ज हो।’ उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ‘पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि स्वच्छ पीने का पानी तत्काल उपलब्ध नहीं कराया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वार्डवासियों के साथ मिलकर उग्र जनआंदोलन किया जाएगा।’ नागरिकों ने भी साफ कहा कि यदि समस्या का तुरंत समाधान नहीं किया गया तो वे निगम कार्यालय घेराव के लिए बाध्य होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here