राजनांदगांव (दावा)। जिला पशु चिकित्सालय राजनांदगांव के चिकित्सकों की टीम ने मानवता की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए एक बेसहारा स्ट्रीट डॉग की जटिल सर्जरी कर उसकी जान बचा ली है। डॉग की पीठ से सफलतापूर्वक करीब एक किलोग्राम का विशाल ट्यूमर निकाला गया।
जिसके बाद उसकी हालत अब बेहतर है। यह श्वान पिछले चार महीनों से ट्यूमर की असहनीय पीड़ा झेल रहा था। संवेदनशील नागरिकों की पहल पर पहले इसे दुर्ग वेटरनरी कॉलेज ले जाया गया। वहां जांच में पता चला कि श्वान के शरीर में रक्त की मात्रा मात्र 6 ग्राम थी, जिसके कारण डॉक्टरों ने जोखिम देखते हुए ऑपरेशन से मना कर दिया था।
जोखिम भरा उपचार, सफल ऑपरेशन
इसके बाद श्वान को जिला पशु चिकित्सालय राजनांदगांव लाया गया। प्रभारी डॉ. तरुण रामटेके ने जांच कर उपचार की संभावना जताई, लेकिन शर्त थी कि पहले ब्लड लेवल बढ़ाया जाए। इसके लिए 15 से 20 दिनों तक नियमित फ्लुड थेरेपी और आयरन सुक्रोज इंजेक्शन दिया गया। जिससे रक्त की मात्रा बढक़र 9 ग्राम तक पहुंची। पर्याप्त सुधार के बाद सर्जरी की गई और ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। इस जटिल ऑपरेशन में पत्रकार अजय सोनी ने आर्थिक सहयोग करते हुए मेडिसिन और एनेस्थेसिया की व्यवस्था कराई।
ऑपरेशन के दौरान इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रोकार्टी मशीन जो विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा जन्मदिवस पर चिकित्सालय को उपलब्ध कराई गई थी। इसके उपयोग से रक्तस्राव बहुत कम हुआ। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं के मार्गदर्शन में यह जटिल सर्जरी डॉ. तरुण रामटेके के नेतृत्व में पूरी हुई। टीम में बलराज चौहान, प्रेमलता कोसारे, शत्रुघन यादव, पीयूष कश्यप, हर्ष ठाकुर और इंटर्नशिप स्टूडेंट्स का विशेष योगदान रहा। चिकित्सालय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी जरूरतमंद स्ट्रीट डॉग के उपचार के लिए संपर्क करें। साथ ही संसाधनों की सीमितता को देखते हुए ऐसे नेक कार्यों के लिए नागरिकों के आर्थिक सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।


