Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव: आज से शहर का ऐतिहासिक मोहारा मेला शुरू, तीन दिनों तक...

राजनांदगांव: आज से शहर का ऐतिहासिक मोहारा मेला शुरू, तीन दिनों तक बिखरेगी मेले की मनोहारी छटा…

65
0

नगर निगम व पुलिस द्वारा किए गए व्यापक इंतजाम, महापौर मधुसूदन करेंगे उद्घाटन

राजनांदगांव (दावा)। प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शिवनाथ नदी के तट पर भरने वाले मोहारा मेले का आगाज आज 4 नवंबर मंगलवार से होने जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मोहारा मेले के लिए नगर निगम द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। निगम द्वारा शिवनाथ नदी किनारे बेरीकेडिंग के अलावा मेला स्थल में बिजली पानी व साफ-सफाई के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। वहीं मुख्य सडक़ से लेकर मोहारा मेला स्थल शिव मंदिर तक चौड़ी चमचमाती हुई सीमेंटेड सडक़ बना दी गई है। इसके निरीक्षण के लिए गत दिनों महापौर मधुसूदन यादव व आयुक्त स्वयं मेला स्थल पर पहुंचे हुए थे और वहां की व्यवस्था की घूम-घूमकर मुआयना की और निगम अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसी तरह पुलिस प्रशासन द्वारा भी इस ऐतिहासिक मोहारा मेले की यातायात व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है। अपनी वाहनों में मेले आने वाले लोगों के लिए सडक़ किनारे वाहनों की पार्किंग व्यवस्था के अलावा इस रोड से गुजरने वाले भारी वाहनों को डाइवर्ट कर उनके लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है, ताकि बड़े वाहनों के कारण मेला प्रेमियों को दिक्कतों का सामना न करनी पड़े।

तीन दिनों तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की रहेगी बहार
प्रतिवर्ष कार्तिक पून्नी को शिवनाथ नदी के तट पर भरने वाला मोहारा मेला दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। लोग इस मेले का लुत्फ उठाने दूर-दूर से आते है। वहीं दूर-दूर के व्यवसायी भी इस मेले में अपनी दुकानें लगाने के लिए आते हैं। इसके चलते मेला स्थल पर हवाई झूले, सर्कस, जादू प्रदर्शन, जंबो ट्रेन सहित ट्राय ट्रेन, जंपिंग नेट, होटल, मिठाई दुकान, रईचूली, मनिहारी दुकान, चाट पकौड़े के ठेले, खिलौने दुकान, गन्ने आदि भरमार रहती है। मोहारा मेले में उक्त दुकानें अब सज गई हैं। बता दें कि तीन दिनों तक भरने वाले इस ऐतिहासिक मोहारा मेले में लोगों की हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ती है। जिनके मनोरंजन के लिए शासन के संस्कृति विभाग द्वारा तीन दिनों तक रंगारंग लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम कराया जाता है जिससे देखने रात में लोगों की खासी भीड़ रहती है।

प्राचीन शिव मंदिर में पूजन के लिए उमड़ेगी भीड़
बताते चलें कि संस्कारधानी नगरी का सुप्रसिद्ध मोहारा मेला नजदीक ही बह रही शहर की जीवनदायिनी नदी शिवनाथ के नाम से ही भरता है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन नदी समीप स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव की पूजन के लिए श्रद्धालुओ की भीड़ उमड़ती है। इसके पूर्व सुबह ब्रह्म मुहूर्त में शिवनाथ नदी के पवित्र जल से स्नान के लिए श्रद्धालुओ का तांता रहता है। लोग नदी के जल में दीप दान करते हैं और स्नान-ध्यान पश्चात याचको में दान-पुण्य का कार्य किया जाता है। लोग अपने परिवार सहित पिकनिक मनाने भी पहुंचते हैं। इसके लिए मोहारा मेले स्थल की फिल्टर प्लांट के समीप की घनी अमराई व नदी के दूसरे छोर पर स्थित आक्सीजोन बहुत मुफीद साबित होता है। कल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं का कार्तिक पूर्णिमा स्नान के साथ मोहारा मेले का आनंद लेने वालों की खासी भीड़ रहेगी। हजारों की संख्या में लोगों के मोहारा मेला पहुंचने से मेले की छटा देखते ही बनेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here