सफाई, बिजली, पानी की व्यवस्था चरमराई, निगम की माली हालत खराब
राजनांदगांव (दावा)। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने विगत 10 महीनों से निगम की सामान्य सभा आयोजित न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भाजपाइयों द्वारा निगम में सत्ता संभालने के बाद से अब तक सामान्य सभा न होने के कारण निगम की माली हालत खराब हो गई है। जिससे शहर विकास के कार्य रुके पड़े हैं। श्री पिल्ले ने आरोप लगाया कि महापौर द्वारा सामान्य सभा न कराए जाने से नागरिकों की मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दिक्कत की बात यह है कि सफाई के लिए अभी तक नए वर्ष का ठेका भी नहीं दिया जा सका है। सामान्य सभा न होने से शहर विकास संबंधी प्रस्ताव पारित नहीं हो पा रहे हैं, जिससे निगम में राजस्व का प्रवाह रूक गया है।
ट्रीपल इंजन सरकार में शहर की दुर्दशा
नेता प्रतिपक्ष पिल्ले ने ‘ट्रीपल इंजन वाली सरकार’ (केंद्र, राज्य और निगम में भाजपा) की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले कई महीनों से निगम को चुंगी कर का पैसा भी नहीं मिल पाया है। इससे निगम बमुश्किल राजस्व वसूली के सहारे गाड़ी खींच पा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस शासन द्वारा जारी की गई कांग्रेस और भाजपा पार्षदों तथा स्वयं महापौर की पार्षद निधि राशि को भी भाजपा सरकार ने रोक दिया है। जिससे कोई भी विकास कार्य नहीं हो पा रहा है। इसके चलते पार्षदों को जनता के कोपभाजन का शिकार होना पड़ रहा है। श्री पिल्ले ने महापौर से कम से कम अपनी सरकार से पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा जारी किए गए पार्षद निधि का पैसा दिलवाने का काम करने की मांग की।
गंदा पानी पीने मजबूर शहरवासी
श्री पिल्ले ने जल आपूर्ति की बदहाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि निगम में काबिज भाजपाई न तो पर्याप्त पानी सप्लाई कर पा रहे हैं और न ही साफ पानी पिला पा रहे हैं। इससे लोगों में खुजली, पेट संबंधी रोग, डायरिया और पीलिया जैसी बीमारियां फैलने की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अमृत मिशन वालों ने बिना फिटकरी डाले जनता को अशुद्ध पानी पिलाया, बावजूद इसके उन्हें फिर से पानी पिलाने का काम सौंप दिया गया। श्री पिल्ले ने कहा कि कांग्रेस पार्षदों ने जब मोहारा जल संयंत्र में फिटकरी नहीं होने का मुद्दा उठाया। तब निगम और प्रशासन की आंखें खुली और आनन-फानन में अधूरे ढंग से फिटकरी जुटाने का काम किया गया।
सामान्य सभा न होने के लिए महापौर जिम्मेदार
नेता प्रतिपक्ष श्री पिल्ले ने स्पष्ट कहा कि विगत 10 महीनों से सामान्य सभा न हो पाने के लिए निगम के मुखिया महापौर ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि महापौर सामान्य सभा जैसे आवश्यक कार्य के लिए भी अपने आकाओं के दिशा निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि महापौर जल्द से जल्द रुके पड़े सामान्य सभा को कराने के लिए दिन-तारीख सुनिश्चित करें। अन्यथा कांग्रेस पार्षदों को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।



