वाहन भत्ता वृद्धि पर सामान्य सभा की स्वीकृति मिलने पर धन्यवाद ज्ञापित
राजनांदगांव। नगर पालिक निगम अंतर्गत दरोगा/वार्ड प्रभारी स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने नगर निगम के माननीय महापौर मधुसूदन यादव एवं आयुक्त महोदय से सौजन्य भेंट कर वाहन भत्ता राशि में वृद्धि संबंधी प्रस्ताव को कर्मचारी हित में सामान्य सभा से स्वीकृति दिलाने पर आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष प्रवीण झा एवं सचिव राकेश ठाकुर ने निवेदन किया कि सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ सभी वार्ड प्रभारी, सफाई दरोगा एवं स्वच्छता निरीक्षकों का वेतन निर्धारण भविष्य में समान रूप से किया जाता रहे, जिससे कर्मचारियों में समरसता एवं मनोबल बना रहे। मुलाकात के दौरान माननीय महापौर महोदय ने आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए सभी वार्ड प्रभारी एवं सफाई दरोगा को अपने-अपने वार्ड के नागरिकों से निरंतर संपर्क बनाए रखने प्रतिदिन होने वाले सफाई कार्यों पर नागरिकों से फीडबैक लेने तथा सफाई से जुड़ी किसी भी समस्या या कमी की तत्काल जानकारी नगर निगम को देने का मार्गदर्शन दिया। संघ के अध्यक्ष एवं सचिव ने जानकारी दी कि आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए सभी वार्ड प्रभारी एवं सफाई दरोगा के साथ मिलकर प्रत्येक शनिवार को एक दिवसीय विशेष सफाई अभियान नगर निगम से अनुमति लेकर संचालित किया जाएगा। इस पहल पर माननीय महापौर एवं आयुक्त महोदय ने संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारी एवं सदस्यगण अध्यक्ष प्रवीण झा, महामंत्री सपन साहू, सह-महामंत्री अमन हुसैन, सह-महामंत्री निवेश नेमपांडे, मंत्री शुभम साहू, उपाध्यक्ष श्रीमती प्रीति संडेलकर, सचिव राकेश ठाकुर, सह-सचिव कमलेश रामटेके, कोषाध्यक्ष श्री नेतुराम सोनवानी, सह-कोषाध्यक्ष श्री गणेश सातर, सहित अन्य अधिकारी एवं सदस्यगण। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की यह पहल न केवल कर्मचारी हितों की रक्षा करती है, बल्कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम भी साबित होगी।


