० सुप्रसिद्ध श्याम सेवक संजीव शर्मा की गूंजेगी सुमधुर वाणी
उदयाचल प्रांगण में सजा है भव्य श्याम दरबार
इत्र , केशर , गुलाब जल एवम फूलों की खेली जाएगी होली
राजनंदगांव । खाटूवाले श्याम प्रभु के महत्वपूर्ण उत्सवों में फागुन महोत्सव का विशेष स्थान है। फागुन शुक्ल एकादशी को अतुलित बलशाली तीन बाणधारी युवक बर्बरीक ने महाभारत के युद्ध के समय भगवान श्री कृष्ण को अपने शीश का दान देकर उनसे श्याम नाम प्राप्त किया था , श्याम प्रभु कलयुग में ” हारे के सहारे ” के नाम से पूजे जाते है। राजस्थान के खाटुधाम में फागुन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से प्रारम्भ होने वाले उत्सव का मुख्य आकर्षण फागुन शुक्ल एकादशी तक भजन – कीर्तन तथा द्वादशी को श्री श्याम ज्योति अखंड पाठ एवं भंडारा प्रसादी के साथ पूर्ण होता है। इसी फागुन माह के शुक्ल पक्ष में देश के कोने – कोने में स्थापित श्याम मंदिरों एवम अन्य नगर – ग्रामों में निवासरत श्याम प्रेमी अपने शहर – नगर में भजन – सत्संग के माध्यम से फागुन महोत्सव का आयोजन करते है। संस्कारधानी नगरी में श्री श्याम परिवार मित्र मंडल द्वारा 30 वर्षो से श्री श्याम महोत्सव के अंतर्गत सुमधुर भजन – सत्संग के कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है । पिछले 24 वर्षो से अनेक श्रद्धालु भक्त माता – बहन तथा बंधु निशान लेकर खाटू धाम यात्रा पर जा रहे है ।
श्री श्याम परिवार मित्र मंडल द्वारा इस वर्ष खाटू वाले श्याम प्रभु के फागुन महोत्सव पर चार दिवसीय भव्य कार्यक्रम किए जाने की व्यापक तैयारिया की गई है। समिति के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस वर्ष फागुन महोत्सव के अवसर पर राजस्थान के खाटू श्याम प्रभु नगरी में 25वीं निशान यात्रा 16 फरवरी को 124 श्रद्धालु माता – बहने एवम बंधु निशान लेकर खाटु श्याम जी को समर्पित करके वापस लौट आए है । संस्कारधानी नगरी में 31 वा फागुन महोत्सव फागुन शुक्ल नवमी 25 फरवरी से फागुन शुक्ल द्वादशी 28 फरवरी तक चार दिवसीय आयोजन के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर दुग्धाभिषेक , निशान यात्रा ,भव्य भजन संध्या के साथ ही श्री श्याम ज्योति अखण्ड पाठ एवम भंडारा प्रसादी आयोजित किया जा रहा है ।
श्री श्याम परिवार मित्र मंडल के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल , सचिव राहुल लोहिया , कोषाध्यक्ष कार्तिक अग्रवाल , श्याम महिला मंडल की आशा जयप्रकाश अग्रवाल , ऋचा सौरभ अग्रवाल के अनुसार खाटूधाम ( उदयाचल प्रांगण ) में आयोजित फागुन महोत्सव के प्रथम दिवस 25 फरवरी को सुबह 10 बजे श्री श्याम प्रभु का दुग्धाभिषेक हुआ जिसमें सैकड़ों माता – बहनों एवं बंधुओ ने लगभग 101 किलो दूध से बाबा का अभिषेक किया तथा श्याम नाम की मेंहदी 200 से अधिक माता बहनों ने लगवाई । दोपहर 05: 30 बजे उदयाचल से भव्य निशान यात्रा निकाली गई । जो भजन सत्संग के साथ नगर भ्रमण करते हुए वापस खाटूधाम उदयाचल प्रांगण पहुंची । निशानयात्रा में दिल्ली की सुप्रसिद्ध श्याम दीवानी ऋतु पांचाल एवं नगर के भजन गायकों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई ।
आयोजन समिति द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार महोत्सव के दूसरे दिन फागुन शुक्ल दशमी 26 फरवरी गुरुवार को रात्रि 07 बजे से सोनभद्र ( उत्तरप्रदेश ) के परम श्याम सेवक संजीव शर्मा अपनी सुमधुर वाणी से भजनों की अमृत गंगा प्रवाहित करेंगी । महोत्सव के दौरान श्याम प्रभु का अद्भुत अलौकिक श्रृंगार का दर्शन भक्तगण कर सकेंगे । अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी , छप्पनभोग एवं पान भोग का प्रसाद लगाया जाएगा ,भजन के दौरान इत्र , केशर , गुलाब जल एवम फूलों की होली खेली जायेगी , प्रतिदिन रात्रि में जलपान प्रसादी की व्यवस्था रहेगी । आज की प्रसादी के सेवार्थी ऋचा सौरभ अग्रवाल , श्रृंगार सेवार्थी विद्या गोपाल अग्रवाल , छप्पनभोग सेवार्थी मंदीप सिंह झज्ज तथा पान भोग की सेवार्थी दामोदर अंकुर अग्रवाल है । श्रृंगार भजन प्रारंभ होने के पूर्व श्याम प्रभु के भव्य दरबार के समक्ष अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी , जिसमे प्रत्येक भक्त माता – बहन एवम बंधु आहुति दे सकेंगे । आयोजन समिति ने नगर के श्रद्धालु माता – बहनों एवं बंधुओ से आग्रह किया है कि वे इस धार्मिक उत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें ।


