लडक़ी की आवाज में करता था बातचीत, पैसे नहीं देने पर देता था गाली और धमकी
राजनांदगांव (दावा)। सोशल मीडिया पर फर्जी ढंग से महिला बनकर युवकों को अपने जाल में फंसाने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। लालबाग पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त हुई इस कार्रवाई में पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी द्वारा इंस्टाग्राम पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को निशाना बनाता था। आरोपी लडक़ी बनकर बातचीत कर पैसों की मांग करता था। पैसे नहीं मिलने पर अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता था। इसके अलावा आरोपी द्वारा फोटो एडिट कर परिजनों को भेजने की धमकी देकर ब्लेकमैल करता था। पुलिस और सायबर टीम द्वारा उसे तकनीकी जांच के आधार पल गिरफ्तार कर जेल की सीखचों में भेज दिया है।
पिता के दुर्घटनाग्रस्त होने की झूठी खबर
थाना लालबाग प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि थाने में प्राप्त शिकायत के अनुसार, प्रार्थी की पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा लडक़ी की आवाज में कॉल कर उसके पिता के दुर्घटनाग्रस्त होने और गंभीर रूप से घायल होने की झूठी सूचना दी गई। जब युवती ने उक्त जानकारी को असत्य बताया, तो आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। बाद में प्रार्थी द्वारा संपर्क करने पर आरोपी ने उन्हें भी अपशब्द कहे तथा जान से मारने की धमकी दी। उक्त शिकायत एवं उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 219/2026 धारा 296 एवं 351(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
फर्जी आईडी बनाकर युवकों से करता था संपर्क
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी आईडी बनाकर युवकों से संपर्क करता था, उन्हें अपने झांसे में लेकर पैसों की मांग करता था तथा मांग पूरी नहीं होने पर गाली-गलौज, धमकी और ब्लैकमेलिंग करता था। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त तकनीकी साक्ष्य प्राप्त होने पर उसे गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।



