1035 वाहन चालकों पर की कार्रवाई, वसूले 5,26,300 का जुर्माना
राजनांदगांव (दावा)। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में आगामी त्योहारी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की गई।
इस अभियान के तहत यातायात पुलिस द्वारा शहर के नया बस स्टैंड चौक, महावीर चौक, खैरागढ़ रोड, भगत सिंह चौक,पुराना रेस्ट हाउस, रेल्वे स्टेशन रोड, पोस्ट ऑफिस चौक, पुराना बस स्टैंड, राम दरबार, अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, गंज चौक कुआँ चौक, नंदई चौक, महामाया चौंक, तिरंगा चौक, भारत माता चौक, कामठी लाइन, सिनेमा लाइन, जूनी हटरी, मानव मंदिर चौक, फौवारा चौक, गांधी चौक, दुर्गा चौक, सदर लाइन आदि के अलावा स्टेडियम रोड में फुर्सत के पल चौक, कविता कॉम्पलेक्स चौक, अम्बेडकर चौंक, आर.के. नगर जाने वाली सर्विस रोड एवं मोतीपुर अंडरब्रिज रोड सहित शहर के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
दोषी वाहन चालकों से वसूले गए जुर्माना
शहर यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप ने बताया कि इस अभियान के तहत नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 556 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 18 वाहन चालकों के विरुद्ध तथा बिना वैध लाइसेंस ई-रिक्शा चलाने वाले 29 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इसी तरह प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन प्रवेश कराने वाले 03 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए रु. 9,000 का जुर्माना वसूल किया गया, वहीं यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 429 वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इस प्रकार यातायात पुलिस द्वारा कुल 1035 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए रु. 5,26,300/- का जुर्माना वसूल किया गया।
पुलिस की आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील
यातायात पुलिस ने आगामी त्योहारी सीजन के दौरान बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढऩे की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात व्यवस्था बाधित न करें। साथ ही सभी व्यापारियों से अपील है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में आने वाले ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करवाएं तथा सडक़ पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न होने दें। आम नागरिक एवं व्यापारीगण यातायात पुलिस का सहयोग करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।



