
राजनांदगांव (दावा)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समाज हित में की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं पर छत्तीसगढ़ सर्व रविदास समाज ने गहरा हर्ष व्यक्त किया है। समाज की विगत 25 वर्षों से चली आ रही मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर निर्णय लेने के लिए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. के.एल. टांडेकर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति संपूर्ण समाज की ओर से आभार जताया है।
छत्तीसगढ़ सर्व रविदास समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. के.एल. टांडेकर ने कहा कि संत रविदास जी के लाखों अनुयायियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने यह ऐतिहासिक पहल की है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई इन घोषणाओं से जन-मानस में सामाजिक समरसता, शिक्षा और सद्भाव की भावना को और अधिक मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इन निर्णयों से शासन द्वारा सर्व रविदास समाज को जो सम्मान दिया गया है, उससे पूरे समाज में खुशी की लहर है। समाज अपेक्षा रखता है कि सरकार भविष्य में भी सर्व रविदास समाज के उत्तरोत्तर विकास और जनकल्याण के लिए इसी तरह सकारात्मक एवं निरंतर प्रयास करती रहेगी। डॉ. टांडेकर ने आह्वान किया कि समाज का प्रत्येक वर्ग संत शिरोमणि रविदास जी के विचारों और आदर्शों का अनुसरण करते हुए उनके बताए समरसता व समानता के मार्ग पर चलने का संकल्प ले। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस संवेदनशीलता भरे कदम से प्रदेश भर के अनुयायियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।


