0 CCTV में कैद हुए तीन संदिग्ध, प्रतिष्ठित व्यापारी शांतिलाल सांखला की दुकान में वारदात से व्यापारियों में भारी आक्रोश

छुईखदान । नगर के हृदय स्थल में स्थित प्रतिष्ठित व्यापारी शांतिलाल सांखला के प्रतिष्ठान में अज्ञात चोरों द्वारा शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने से सनसनी फैल गई है। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दुकान में लगे ष्टष्टञ्जङ्क कैमरे के फुटेज में तीन संदिग्ध बेखौफ होकर शटर उठाते और अंदर दाखिल होते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
मुख्य बाजार में वारदात, पेट्रोलिंग पर खड़े हुए सवाल
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब चोर नगर के बीचों-बीच मुख्य बाजार में इत्मीनान से शटर उठा रहे थे, तब पुलिस की पेट्रोलिंग टीम कहां थी? क्या नगर में पुलिस की रात्रिकालीन गश्त केवल औपचारिकता बनकर रह गई है? स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि यदि मुख्य बाजार ही सुरक्षित नहीं है, तो अन्य इलाकों की सुरक्षा की क्या स्थिति होगी।
व्यापारियों में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल
इस दुस्साहसिक चोरी के बाद छुईखदान के व्यापारी वर्ग में गहरा रोष और असुरक्षा की भावना व्याप्त है। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्य बाजार की दुकानों में इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर बड़ा धब्बा हैं। व्यापारिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात्रि गश्त को केवल मुख्य मार्गों तक सीमित न रखकर संवेदनशील व्यापारिक इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए।
CCTV फुटेज से सुराग तलाशने में जुटी पुलिस
CCTV फुटेज में तीनों संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई देने के बाद अब सभी की नजरें पुलिसिया कार्रवाई पर टिकी हैं। पुलिस के लिए आरोपियों की त्वरित पहचान और उनकी गिरफ्तारी एक बड़ी चुनौती बन गई है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आधिकारिक खुलासे का इंतजार किया जा रहा है।


