डोंगरगढ़। सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने की दिशा में डोंगरगढ़ प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मानवीय पहल करते हुए ग्राम छिपा में करीब सात वर्षों से सामाजिक बहिष्कार झेल रहे गोपीराम वर्मा एवं उनके परिवार को पुनः समाज की मुख्यधारा में शामिल कराया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार चिराग रामटेके एवं थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में प्रशासन एवं पुलिस की टीम ग्राम छिपा पहुंची। टीम ने संबंधित पक्षों एवं समाज के लोगों से चर्चा कर लंबे समय से चले आ रहे आपसी मतभेद एवं विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया।
समझाइश एवं आपसी सहमति के बाद गोपीराम वर्मा और उनके परिवार को पुनः समाज में शामिल कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों एवं समाज के लोगों को सामाजिक एकता, भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखने की समझाइश दी गई। साथ ही भविष्य में किसी भी विवाद को आपसी चर्चा और प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण तरीके से हल करने की अपील की गई।
डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं समन्वय मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की इस पहल को ग्रामीणों एवं समाज के लोगों ने सराहनीय बताते हुए सामाजिक एकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


