अतिक्रमणकर्ता को समझाईश देकर महापौर ने वार्डवासियों से चल रहे विवाद को सुलझाया

राजनांदगॉव। महापौर ने आज ममता नगर गली नं. 05 में अवैध अतिक्रमण की एक शिकायत पर संज्ञान लेकर निगम अलमे के साथ स्थल निरीक्षण करके अवरूद्ध मार्ग को खुलवाने एवं पुन: उस मार्ग पर आवागमन प्रारंभ करवाने की कार्यवाही की। इस दौरान महापौर के साथ निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, निगम ईई दीपक कुमार खाण्डे एवं अन्य कर्मचारीगण सहित वार्डवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महापौर ने अतिक्रमणकर्ता साहू परिवार को समझाईश देकर शासकीय कार्य में सहयोग देने एवं सार्वजनिक मार्ग में मलबा पाटकर मार्ग अवरूद्ध ना करने की चेतावनी देते हुए मार्ग से क्षतिग्रस्त निर्माण कार्य का मलबा हटवाया। तत्पश्चात् महापौर एवं निगम प्रशासन की देखरेख में मौके पर मुरम डलवाकर जेसीबी से मार्ग समतलीकरण करवाया गया और इस तरह महापौर मधुसूदन के हस्तक्षेप के बाद मोहल्ले में कई दिनों से चल रहे विवाद का पटाक्षेप हुआ। उल्लेखनीय है कि राजनांदगॉव शहर के वार्ड नं.18 ममता नगर क्षेत्र अंतर्गत गली नंबर पॉच के वार्डवायिसों ने मार्ग अतिक्रमण की शिकायत निगम प्रशासन से की थी और आरोप लगाया था कि वार्डवासियों को कालोनाईजर द्वारा उक्त अतिक्रमित मार्ग को दिखाकर वर्षो पहले प्लाट बेचे गये थे, और निगम को उक्त मार्ग हस्तांतरित करने की जानकारी दी गई थी। किन्तु अब कई वर्षो के उपरांत अचानक रातोंरात अवैध रूप से मार्ग को अवरूद्ध करके विगत दो माह से उन्हें प्रताडि़त किया जाता रहा है।
उक्त शिकायत पर संज्ञान लेकर महापौर के निर्देश पर गुरूवार को निगम अमले ने विवादित स्थल पर जाकर मार्ग को अतिक्रमणमुक्त करने की कार्यवाही को अंजाम दिया था। ममता नगर, गली नंबर 5 स्थित शहीद चौक से मित्र चौक होकर न्यू खंडेलवॉल कॉलोनी पहुॅच मार्ग पर साहू परिवार द्वारा वर्षो से आवागमन हेतु प्रयुक्त सार्वजनिक मार्ग को निजी भूमि बताकर प्रीकास्ट वॉल एवं गेट लगाकर सार्वजनिक आवागमन का मार्ग अवरूद्ध किया गया था। जिसे दो दिन पहले आनंद विहार कॉलोनी एवं अन्य वार्डवासियों की शिकायत पर निगम प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाने की कार्यवाही की थी। उस समय भी अतिक्रमणकर्ता परिवार के सदस्यों द्वारा रंगदारी दिखाते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, निगम के जेसीबी पर पथराव करके सरकारी संपत्ति नष्ट करने और जेसीबी ड्राईवर को चोटिल करने अपराध किया गया था। इस दौरान मोहल्लेवासियों से भी अतिक्रमणकर्ता परिवार के सदस्यों ने विवाद किया, जिसपर किसी तरह पुलिस की मदद लेकर निगम प्रशासन द्वारा अवैध कब्जा हटाने की कार्यवाही पूर्ण की गई थी एवं मामले में अतिक्रमणकारियों के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज करवायी गई थी। किन्तु उक्त मार्ग पर तोड़े गये अतिक्रमण का मलबा डंप करके अतिक्रमणकर्ता परिवार द्वारा पुन: आवागमन को बाधित किया गया। जिसकी शिकायत वार्डवासियों द्वारा महापौर मधुसूदन से दोबारा की गई। वार्डवासियों द्वारा महापौर एवं निगम प्रशासन से अनुरोध किया गया था कि जनहित में यथाशीघ्र उक्त मार्ग पर आवागमन सुचारू रूप से प्रारंभ करवाया जाये, जिसपर महापौर ने संज्ञान लेते हुए आज दोपहर निगम अमलेे के साथ मौके पर पहुॅचकर तत्परता से अवरूद्ध मार्ग खुलवाकर मार्ग पर पुन: आवागमन प्रारंभ करवाया।



