Home News त्यौहारों के मद्देनजर राजनांदगांव पुलिस अलर्ट: डोंगरगढ़ में 150 जवानों के साथ...

त्यौहारों के मद्देनजर राजनांदगांव पुलिस अलर्ट: डोंगरगढ़ में 150 जवानों के साथ निकली कॉम्बिंग गश्त, निगरानी बदमाशों की हुई सघन चेकिंग..

18
0

 

डोंगरगढ़ । आगामी कृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी सहित अन्य महत्वपूर्ण त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में आपराधिक व असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और आमजन में सुरक्षा का विश्वास जगाने के लिए जिलेभर में नियमित गश्त, पेट्रोलिंग व सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में बीते 1 सितंबर को धर्मनगरी डोंगरगढ़ के टाउन क्षेत्र में वृहद स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस अभियान में आला अधिकारियों के नेतृत्व में करीब 150 पुलिस अधिकारी और जवानों ने हिस्सा लिया।
गली-मोहल्लों से आउटर तक सघन जांच
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस बल ने डोंगरगढ़ टाउन के प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजारों, भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों, अंदरूनी गली-मोहल्लों तथा आउटर इलाकों में पैदल और वाहनों के माध्यम से व्यापक पेट्रोलिंग की। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की बारीकी से जांच की गई। अभियान के तहत थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र के सूचीबद्ध निगरानी बदमाशों और गुंडा-बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी जांच की गई तथा उन्हें अपराध से दूर रहने व कानून का पालन करने की कड़ी हिदायत दी गई।
धार्मिक स्थलों, विसर्जन मार्गों पर रहेगी कड़ी नजर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्यौहारों के दौरान प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, गणेश पंडालों एवं विसर्जन मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। आकस्मिक चेकिंग, नाकाबंदी और रात्रि गश्त को और तेज किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सौहार्द बिगाडऩे वाली पोस्ट डालने वालों पर साइबर सेल के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में उतरा बल
इस व्यापक कॉम्बिंग गश्त के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.), एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरीनंदन नायक, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज, डीएसपी (लाइन) विंध्यराज, डीएसपी सुमन जायसवाल, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर सहित विभिन्न थानों-चौकियों के प्रभारी एवं भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सभी पर्व शांति, संयम और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल नजदीकी थाने अथवा डायल 112 को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here