अर्जुनी-रातापायली रोड पर हादसा, घायल जिला अस्पताल रेफर, तीन गंभीर
डोंगरगांव(दावा)। यहां से राजनांदगांव मेन रोड स्थित ग्राम अर्जुनी और रातापायली के बीच तेज रफ्तार मालवाहक सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गया, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में मालवाहक में सवार चार महिला मजदूरों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गये। दुर्घटना में सभी मृत महिलाएं है और ग्राम रातापायली की निवासी थीं। सूत्रों के अनुसार रोजाना की तरह ग्राम अर्जुनी के समीपस्थ ग्राम गोडऱी में स्थित एबीस कंपनी में काम करने वाले ग्राम रातापायली व रींवागहन के मजदूरों को छोडऩे के लिए कंपनी का मालवाहक क्रं. सीजी 08 बी 2886 आज शाम को अर्जुनी से रातापायली की ओर जा रहा था। उसी बीच ग्राम रातापायली से लगभग एक किलोमीटर पहले ही तेजरफ्तार मालवाहक अनियंत्रित होकर सडक़ के बायीं ओर बबूल पेड़ से टकरा गया। इससे वाहन के ड्रायवर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लगभग 13-14 मजूदर बुरी तरह से घायल हो गये। बबूल पेड़ ने मालवाहक को पलटने से रोक दिया, वरना दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातरफरी और चीख पुकार मच गई। मालवाहक में ज्यादातर महिला मजदूर सवार थीं। चीख पुकार सुनकर सडक़ पर आने-जाने वालों ने तुरंत पुलिस और 108 को सूचना दी, जिसके बाद एक- एक करके घायलों को सरकारी अस्पताल डोंगरगांव लाया गया। वहीं साधन उपलब्ध न होने पर मालवाहक में भी 6-7 घायलों को भरकर अस्पताल लाया गया। घायलों के डोंगरगांव में सरकारी अस्पताल पहुंचने के बाद यहां भी अफरातरफरी मची रही और बीएमओ डॉ. रागिनी चन्द्रे, बीपीएम राकेश कुर्रे की देखरेख में बड़ी संख्या में उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों ने तुरंत घायलों का उपचार प्रारंभ किया। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद एबीस कंपनी के कुछ लोग भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम पूछते हुए गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर करने में सहयोग किया।
इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं ने डोंगरगांव के सरकारी अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। इनमें से दो को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। मृतकों में सरोज बाई पति बहादुर निषाद (50 वर्ष), शिवकुमारी साहू पति भूषण साहू (45 वर्ष) तथा जयंत्रीबाई कौशिक पति शिव कौशिक (40 वर्ष), सभी निवासी रातापायली हैं। इसके अलावा मामूली रूप से घायल एक-दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकांश घायलों को राजनांदगांव रेफर किया गया है। पता चला है कि जिला अस्पताल में ईलाज के दौरान ही किसी सुमित्राबाई की भी मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार घटना में अन्य 11 लोग भी घायल हुये हैं। इनमें से द्रोपती माण्डले पति कुलेश्वर माण्डले (38 वर्ष) रातापायली, भावना कुमार पिता भंगीराम साहू (30 वर्ष) रींवागहन, कुमारी यादव पति श्याम कार्तिक यादव (42 वर्ष) रातापायली, राधिका यादव पति चोहल यादव (23 वर्ष) रातापायली, उषा मारकण्डे पति योगेश्वर मारकण्डे (27 वर्ष) रातापायली, नेहा साहू पिता प्यारेलाल साहू (22 वर्ष) रीवागहन, पुष्पा गोंड़ पति मल्लूराम गोंड़ (45 वर्ष) रातपायली, शांताबाई पति श्रवण निषाद (35 वर्ष) रातापायली, कु. जागेश्वरी पिता मनीराम साहू ग्राम रींवागहन प्रमुख हैं। जानकारी के अनुसार इनमें दो-तीन लोगों की हालत राजनांदगांव में भी गंभीर बनी हुई है।
ग्राम रातपायली व अर्जुनी के ग्रामीणों के अनुसार मालवाहक का चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ और निर्दोश लोगों की जान चली गई। ग्राम अर्जुनी से रातापायली की सडक़ संकरा होने के बाद भी इस मार्ग पर वाहनों की गति पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। मालवाहकों को मजदूरों को ढोना नियमत: गैरकानूनी है, जिस पर रोक लगनी चाहिए।



