कुसुम रात्रे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई
राजनांदगांव (दावा)। घुमका थाना क्षेत्र के डोम्हाटोला गांव में 1 जून को एक युवती की लाश खून से लथपथ हालत में खेत में मिली थी। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना में जुटी थी।
पुलिस की विवेचना में युवती की हत्या उसके ही प्रेमी द्वारा की गई थी और आत्म ग्लानी होने पर आरोपी उसी दिन ही अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था। गौरतलब है कि 1 जून को डोम्हाटोला गांव के खेत में ठेलकाडीह निवासी कुसुम रात्रे की खून से लथपथ हालत में लाश मिली थी। पुलिस की विवेचना में पता चला कि कुसुम रात्रे की हत्या राम सिन्हा नामक युवक द्वारा करने का मामला सामने आया है। कुसुम रात्रे की हत्या करने के बाद आरोपी राम सिन्हा भी रात में अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था।
पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान पता चला कि आरोपी राम सिन्हा मृतिका कुसुम रात्रे को अपने मोपेड में बैठाकर डोम्हाटोला गांव ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर हत्या की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी राम सिन्हा और कुसुम रात्रे ठेलकाडीह स्थित बिजली दफ्तर में एक साथ काम करते थे। इस दौरान दोनो मेंं प्रेम हो गया था।


