राजनांदगांव(दावा)। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर विधायक बृहस्पत सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों से सिंहदेव समर्थक कांग्रेसी खासे नाराज हैं। कांग्रेस नेता संजय बहादुर सिंह ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि टीएस सिंहदेव जिस परिवार से ताल्लुक रखते हैं वो अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से अपनी साफ छवि, सहृदयता और सुदृढ़ चरित्र के लिए जाना जाता है। उनपर विधायक बृहस्पत ने जिस तरह के आरोप लगाए हैं उसके बाद तो उन्हें कांग्रेस से निष्कासित कर दिया जाना चाहिए। संजय बहादुर ने कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सर्वधर्म, समभाव वाला एक परिवार है। यहां मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं। कांग्रेस की इस विचारधारा के विपरीत विधायक बृहस्पत सिंह ने जो बयान दिए हैं, वह बिल्कुल भी बर्दाश्त करने लायक नहीं हैं। उन्होंने अपनी छोटी मानसिकता का परिचय दिया है। एक अलग ही घटनाक्रम में आपस में भिड़े दो पक्षों के बीच के बीच बेवजह स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को घसीटा जा रहा है। उन पर जो आरोप लग रहे हैं, वे बेहद निजी हैं और उनकी छवि खराब करने का षडय़ंत्र साबित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, ऐसे मसलों पर पार्टी को तत्काल निर्णय लेते हुए विधायक बृहस्पत सिंह पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने एक वरिष्ठ और कांग्रेस के समर्पित नेता के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है वो पीड़ादायक हैं। मंत्री टीएस सिंहदेव के समर्थकों में इसे लेकर आक्रोश है। संजय बहादुर ने कहा कि मौजूदा सरकार के सबसे सशक्त मंत्री टीएस सिंहदेव के खिलाफ षडय़ंत्र रचा जा रहा है और दु:खद यह है कि पार्टी के ही कुछ लोग इसमें शामिल हैं। उन्होंने इस पूरे मामले में हाईकमान से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।



