० आजीविका और उपजाऊ जमीन उजाडक़र होने वाला विकास स्वीकार्य नहीं : किसान संघ
० आगामी दिनों में बनेगी आर-पार के आंदोलन की रणनीति, पूर्व विधायक सहित बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीण
खैरागढ़ (दावा)। जिले में प्रस्तावित श्री सीमेंट फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों और किसानों का विरोध तेज होने लगा है। इस मुद्दे पर भारतीय किसान संघ (भाकिसं) खुलकर किसानों के समर्थन में उतर आया है। प्रस्तावित सीमेंट संयंत्र स्थल ग्राम बिचारपुर में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र के किसानों व ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्रवासियों ने फैक्ट्री स्थापना से उपजाऊ कृषि भूमि छिनने, पर्यावरण को नुकसान पहुंचने और व्यापक विस्थापन को लेकर अपनी गंभीर चिंताएं साझा कीं।
55 गांवों को उजाडक़र विकास उचित नहीं : भाकिसं
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने दोटूक कहा कि विकास के नाम पर किसानों के हितों की बलि चढ़ाना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संघ ने स्पष्ट किया कि एक फैक्ट्री की स्थापना के लिए लगभग 55 गांवों के निवासियों को प्रभावित और विस्थापित करना सरासर अनुचित है। हजारों किसान परिवारों की उपजाऊ जमीन, आजीविका और पीढय़िों से बसे गांवों को उजाडक़र किया जाने वाला तथाकथित औद्योगिक विकास जनहित में नहीं हो सकता। संघ ने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रभावित ग्रामीणों की सहमति, भूमि संरक्षण और सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित किए बिना थोपे जाने वाले किसी भी फैसले का पुरजोर विरोध किया जाएगा। बैठक में पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, संरक्षक मोतीलाल जंघेल, राजकुमार जंघेल, श्रवण जंघेल सहित भारतीय किसान संघ की प्रदेश महिला प्रमुख अदिति कश्यप, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय साहू, केसीजी जिला अध्यक्ष हर्ष डहरिया, मंत्री शिवनंदन जंघेल, जिला महिला प्रमुख पदमा वर्मा, किशोर जंघेल समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे। किसान संघ ने ऐलान किया कि जल्द ही क्षेत्र के सभी प्रभावित गांवों के किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।




