Home छत्तीसगढ़ सांसद संतोष पाण्डेय ने किया नवीन कन्या महाविद्यालय व लाईवलीहुड संस्थान का...

सांसद संतोष पाण्डेय ने किया नवीन कन्या महाविद्यालय व लाईवलीहुड संस्थान का भूमिपूजन…

8

खैरागढ़ में कन्या महाविद्यालय व नवीन लाइवलीहुड संस्थान के भवन निर्माण की रखी आधारशिला, स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम में टीबी मुक्त पंचायतों का सम्मान

खैरागढ़ (दावा)। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में गुरुवार को शिक्षा, आजीविका और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सांसद संतोष पाण्डेय ने खैरागढ़ में शासकीय कन्या महाविद्यालय के नवीन भवन तथा जिले में स्थापित नवीन लाइवलीहुड संस्थान के भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा सांस्कृतिक भवन, खैरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों का सम्मान, अंगदान एवं नेत्रदान के लिए प्रशस्ति-पत्र वितरण तथा प्रेसबायोपिक चश्मों का वितरण किया गया।
दोनों प्रमुख भवन निर्माण कार्यों की कुल लागत 877.09 लाख रुपये यानी करीब 8.77 करोड़ रुपये है। शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ के नवीन भवन निर्माण की लागत 465.84 लाख रुपये है। सांसद संतोष पाण्डेय ने इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। नए भवन के निर्माण से महाविद्यालय की छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

4.11 करोड़ की लागत से बनेगा नवीन लाइवलीहुड संस्थान
इसी क्रम में जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में स्थापित नवीन लाइवलीहुड संस्थान के भवन निर्माण का भी भूमिपूजन सांसद संतोष पाण्डेय ने किया। इसकी लागत 411.25 लाख रुपये है। संस्थान के नए भवन से जिले में आजीविका, कौशल विकास एवं रोजगारपरक गतिविधियों को बेहतर संस्थागत आधार मिलने की उम्मीद है।

सांसद बोले बेटियों की शिक्षा और युवाओं के कौशल पर विशेष जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि किसी क्षेत्र का विकास केवल भवनों और अधोसंरचनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इन सुविधाओं के माध्यम से नई पीढ़ी के लिए अवसरों का निर्माण करना ही वास्तविक विकास है। उन्होंने कहा कि शासकीय कन्या महाविद्यालय का नया भवन क्षेत्र की बेटियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सांसद ने नवीन लाइवलीहुड संस्थान के भवन को युवाओं के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण भी आवश्यक है। संस्थान के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण और आजीविका के नए अवसर मिल सकेंगे।

स्वास्थ्य कार्यक्रम में टीबी मुक्त पंचायतों का सम्मान
सांस्कृतिक भवन में आयोजित स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही अंगदान एवं नेत्रदान के क्षेत्र में योगदान देने वालों को प्रशस्ति-पत्र दिए गए तथा जरूरतमंदों को प्रेसबायोपिक चश्मों का वितरण किया गया। सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सरकार के प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी आवश्यक है। टीबी उन्मूलन, अंगदान और नेत्रदान जैसे विषयों पर समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व सभापति घम्मन साहू, जिला मुख्य आयुक्त स्काउट गाइड एवं सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, सांसद प्रतिनिधि प्रेम नारायण चंद्राकर, खम्हन ताम्रकार, नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य अरुणा बनाफर, भुवनेश्वरी देवांगन, ललित चोपड़ा, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, बिशेसर दास साहू, भाजपा महामंत्री नवनीत जैन, शशांक ताम्रकार, शैलेन्द्र मिश्रा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, आयश सिंह बोनी, विक्रांत चंद्राकर, हेमू साहू, आलोक श्रीवास, विकेश गुप्ता, मोनिका रजक, पुष्पा सिंदूर, विनय देवांगन,उत्तम दशरिया, शिशिर मिश्रा, रूपेंद्र रजक, मंडल अध्यक्ष भावेश कोचर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुलपति डॉ. लवली शर्मा, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनिल शुक्ला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत वर्मा तथा बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here