Home samachar ब्लिंकिट गोदाम से लिए गए पनीर व दूध में मिला सीसा (लेड),...

ब्लिंकिट गोदाम से लिए गए पनीर व दूध में मिला सीसा (लेड), मानक से तीन गुना अधिक मात्रा पाई गई…

9

खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट में खुलासा, कान्हा व गोवर्धन डेयरी संचालकों पर प्रकरण दर्ज, कार्रवाई तेज

राजनांदगांव (दावा)। त्योहारी सीजन की शुरुआत के बीच शहर में मिलावटी और अमानक खाद्य उत्पादों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा बीते अगस्त माह में शहर स्थित ब्लिंकिट के गोदाम से लिए गए दूध और पनीर के नमूनों की जांच रिपोर्ट में घातक सीसा (लेड) की अत्यधिक मात्रा पाई गई है। रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने संबंधित गोदाम और डेयरी संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग की टीम ने ब्लिंकिट गोदाम से गोवर्धन पनीर के 500 ग्राम पाउच और दूध के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे थे। लैब रिपोर्ट के अनुसार, गोवर्धन पनीर के नमूने में लेड की मात्रा 0.06 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम पाई गई, जो तय मानक से लगभग तीन गुना अधिक है। वहीं डेयरी से संकलित दूध के नमूने में इसकी मात्रा 0.051 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम दर्ज की गई।
मानक से कई गुना ज्यादा जहर, मानव स्वास्थ्य के लिए घातक
खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार खाद्य उत्पादों में लेड (सीसा) की मात्रा किसी भी स्थिति में 0.02 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम से अधिक नहीं होनी चाहिए। जांच रिपोर्ट में अत्यधिक मात्रा मिलने से यह स्पष्ट हो गया है कि उक्त पैकेज्ड फूड और डेयरी उत्पाद जनस्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक और धीमे जहर के समान हैं। एन त्योहारों के पूर्व आई इस चौंकाने वाली जांच रिपोर्ट के बाद विभाग सख्त रुख अपनाए हुए है। इस सिलसिले में शहर की कान्हा डेयरी एवं गोवर्धन डेयरी के यहां छापामार कार्रवाई के बाद उनके उत्पादों के भी अमानक पाए जाने की पुष्टि हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संबंधित डेयरी व्यवसायियों और फर्म के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here