सन ग्रुप की पहल : माथे पर तिलक लगाकर ही मिलेगा प्रवेश, सुरक्षा एवं पार्किंग के व्यापक इंतजाम
राजनांदगांव (दावा)। शहर के शिवनाथ वाटिका में सन ग्रुप द्वारा आयोजित संस्कारधानी गरबा महोत्सव इस वर्ष दसवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर लगातार नौ वर्षों से आयोजित हो रहा यह महोत्सव धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा है।
सन गु्रप के सुनील अग्रवाल एवं कांत अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के दौरान नौ दिनों तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 8.30 बजे तक देवी जस गायन की प्रस्तुति होगी। इसके माध्यम से मां दुर्गा की आराधना के साथ छत्तीसगढ़ की पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन में हिंदू सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक आस्था को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसी क्रम में माथे पर तिलक लगाकर आने वाले प्रतिभागियों एवं आगंतुकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। आयोजकों का उद्देश्य नवरात्रि पर्व की धार्मिक गरिमा और सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता देना है।
महोत्सव में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु एवं प्रतिभागी सुव्यवस्थित वातावरण में गरबा महोत्सव का आनंद ले सकें। सुनील अग्रवाल ने कहा कि संस्कारधानी गरबा महोत्सव केवल नृत्य का आयोजन नहीं, बल्कि मां दुर्गा की आराधना, भारतीय संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोडऩे का एक सार्थक प्रयास है। महोत्सव का दसवें वर्ष में प्रवेश करना सन ग्रुप की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।




