Home छत्तीसगढ़ दादा के साथ दुर्गा प्रतिमा देखने निकले 3 वर्षीय मासूम की तालाब...

दादा के साथ दुर्गा प्रतिमा देखने निकले 3 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत, परिवार में पसरा मातम…

9

बजरंगपुर नवागांव शीतला तालाब के पास हुआ दर्दनाक हादसा

वार्ड पार्षद राजा तिवारी ने जताया गहरा शोक

राजनांदगांव (दावा)। शहर के पटरी पार क्षेत्र अंतर्गत बजरंगपुर नवागांव वार्ड में रविवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में 3 वर्षीय मासूम बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। नवरात्रि पर्व के दौरान घटी इस दुखद घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, वार्ड निवासी खिलावन ठाकुर का 3 वर्षीय पुत्र विवेक ठाकुर रविवार शाम अपने दादा के साथ दुर्गा प्रतिमा के दर्शन करने निकला था। शीतला तालाब के पास पहुंचते ही बालक दादा की नजरों से ओझल होकर तालाब की ओर चला गया और अचानक गहरे पानी में गिर गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
आसपास मौजूद लोगों की नजर जब तालाब में गिरे बच्चे पर पड़ी, तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए उसे फौरन बाहर निकाला। तब तक बालक काफी पानी पी चुका था। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही उसके पेट से पानी निकालने का प्रयास किया और आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी।
आपदा राहत से सहायता दिलाएंगे- पार्षद राजा तिवारी
घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए स्थानीय वार्ड पार्षद राजा तिवारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि सोमवार को बालक के शव का विधिवत पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पार्षद तिवारी ने कहा कि वे इस विपदा की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं और शासन के आपदा राहत कोष से मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि पीड़ित परिजनों को शीघ्र दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here