0 नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के युवा संगीतकारों के बीच बिखेरा कला का जादू
0 डीपीएस रायपुर के छात्र ने अपनी लय और ताल से निर्णायकों को किया मंत्रमुग्ध, प्रदेश का बढ़ाया मान
रायपुर: राजधानी रायपुर के होनहार बाल कलाकार गर्व बैद ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। पंडरी निवासी श्री मयूर बैद के सुपुत्र एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रायपुर के छात्र गर्व बैद ने दिल्ली-एनसीआर (नोएडा) में आयोजित प्रतिष्ठित ‘ऑल इंडिया स्वर संगम प्रतियोगिता’ में तबला वादन विधा में द्वितीय स्थान हासिल किया है। 10 अक्टूबर को आयोजित इस अखिल भारतीय स्पर्धा में देशभर के विभिन्न प्रांतों से आए चुनिंदा और प्रतिभाशाली युवा संगीतकारों ने भाग लिया था। बेहद कड़े मुकाबले के बीच गर्व बैद ने शास्त्रीय ताल-लय की गहरी समझ और तबले पर अपनी उंगलियों की सधी हुई थिरकन से निर्णायकों सहित उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उनकी इस मनमोहक प्रस्तुति को खूब सराहा गया, जिसके चलते उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर राज्य को गौरवान्वित किया। गर्व की इस उपलब्धि से परिवार, डीपीएस विद्यालय परिवार और स्थानीय कला-संगीत जगत में हर्ष की लहर है। परिजनों, गुरुजनों और शुभचिंतकों ने गर्व बैद को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा संगीत क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयां छूने की शुभकामनाएं दी हैं।




