Home samachar मुंगेली में भीषण सड़क हादसा: पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत...

मुंगेली में भीषण सड़क हादसा: पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत 3 की मौत, मॉर्निंग वॉक के दौरान पिकअप ने कुचला…

16

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दशरंगपुर में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को एक अनियंत्रित तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में पूर्व खाद्य मंत्री एवं मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन दास मोहले सहित तीनों लोगों की मौत हो गई।

सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा

घटना सुबह करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। रोज की तरह विधायक पुन्नूलाल मोहले के बड़े पिता के बेटे अधीन दास मोहले अपने दो साथियों के साथ मुख्य मार्ग पर मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अधीन दास मोहले, बल्लू बघेल और गंगाराम के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल मुंगेली पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। जरहागांव थाना प्रभारी ने तीनों मृतकों की पुष्टि की है।

सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस

हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार पिकअप और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

जर्जर सड़क को लेकर लोगों में भारी आक्रोश

इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिलासपुर से तखतपुर होते हुए मुंगेली तक का मुख्य मार्ग काफी समय से बदहाल और जर्जर पड़ा हुआ है। सड़क के गड्ढों और बदहाली को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन प्रशासन व संबंधित विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। आए दिन हो रहे इन हादसों का खामियाजा आम जनता को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here