जिले के चार प्रमुख सडक़ मार्गों का होगा उन्नयन, आवागमन की सुविधाओं का होगा विस्तार
सडक़ निर्माण के साथ पुल-पुलिया के कार्य भी होंगे शामिल
राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राजनांदगांव जिले में सडक़ अधोसंरचना के विकास एवं आवागमन की सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले के चार प्रमुख सडक़ मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्यों के लिए कुल 88 करोड़ 13 लाख 44 हजार रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत कुल 77.40 किलोमीटर लंबाई की सडक़ों का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। इन कार्यों में आवश्यकतानुसार पुल-पुलिया निर्माण भी शामिल है।
लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वीकृत कार्यों में टेडेसरा-मुढ़ीपार-कलडबरी-घुमका-रेंगाकठेरा मार्ग के 35 किलोमीटर लंबाई के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 35 करोड़ 62 लाख 62 हजार रूपए, धनगांव-बरगा-इंदामरा-बांकल मार्ग के 6.80 किलोमीटर लंबाई के लिए 19 करोड़ 70 लाख 82 हजार रूपए, राजनांदगांव-जालबांधा मार्ग के 26.60 किलोमीटर लंबाई के लिए 19 करोड़ 52 लाख 38 हजार रूपए तथा अरसीटोला-टप्पा मार्ग के 9 किलोमीटर लंबाई के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 13 करोड़ 27 लाख 62 हजार रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सडक़ मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच सडक़ संपर्क बेहतर होगा। साथ ही नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। सडक़ों के उन्नयन से किसानों को कृषि उपज के परिवहन, व्यापारिक गतिविधियों के संचालन तथा ग्रामीण क्षेत्रों से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। इन कार्यों से जिले में सडक़ अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।




