Home छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की...

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका – विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह…

10

विधानसभा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर चयनित 243 अभ्यर्थियों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र

राजनांदगांव (दावा)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर स्पीकर हाऊस में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के विभिन्न पदों पर चयनित 243 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने नवचयनित स्वास्थ्य कर्मियों से आत्मीय संवाद कर उन्हें पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर आप सभी अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरूआत कर रहे हैं। शासकीय सेवा में चयनित होना उपलब्धि के साथ ही जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य शासन की मंशा नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। केवल अस्पताल भवनों के निर्माण और चिकित्सकों की पदस्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य पूरा नहीं होता। जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के सुचारू संचालन के लिए स्टाफ नर्स, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, एएनएम एवं अन्य पैरामेडिकल कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। स्वास्थ्य संस्थाओं की कार्यक्षमता एवं सेवाओं की गुणवत्ता में तकनीकी तथा सहयोगी स्वास्थ्य कर्मचारियों का विशेष योगदान होता है। उन्होंने नवचयनित कर्मचारियों से कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में आप सभी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं व्यवस्थाओं के संबंध में नवचयनित अभ्यर्थियों से सीधे चर्चा कर उनके अनुभव जाने। इस दौरान ग्रामीण चिकित्सा सहायक के पद पर चयनित श्री राम कुमार यदु ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बताते हुए संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई। उन्होंने चयन प्रक्रिया की सराहना करते हुए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। संवाद के दौरान स्टाफ नर्स के पद पर चयनित सुश्री कामिनी ने भी नियुक्ति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने अन्य नवचयनित कर्मचारियों से भी उनकी पदस्थापना, कार्यक्षेत्र एवं अनुभवों के संबंध में आत्मीय चर्चा की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना राज्य शासन की प्राथमिकता है। नवचयनित स्वास्थ्य कर्मी अपने पदस्थापना स्थल पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें तथा मरीजों को समय पर बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कर्मचारियों का व्यवहार संवेदनशील एवं सेवाभावी होना चाहिए, ताकि उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ आत्मीयता का अनुभव हो। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना की।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में सभी नियुक्तियों एवं भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत राजनांदगांव सहित तीन जिलों में विभिन्न 20 प्रकार के पदों पर कुल 243 अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here