Home samachar शहर की गंदी राजनीति के चलते धार्मिक आयोजन प्रभावित…

शहर की गंदी राजनीति के चलते धार्मिक आयोजन प्रभावित…

42

० आम जनता पर पड़ रहा है प्रतिकूल प्रभाव
० दशहरा उत्सव केवल नाच गाने तक सिमटा, रामलीला गायब

डोंगरगांव (दावा)। नगर का दशहरा पर्व वर्षों से डोंगरगांव के लिए एक अलग पहचान रखता है और आसपास के ग्रामीण रावण दहन व मां दुर्गा का विसर्जन कार्यक्रमों को देखने पहुंचते हैं. वहीं इस वर्ष शहर की गंदी राजनीति के चलते दशहरा जैसे महत्वपूर्ण आयोजन प्रभावित हो गया है और जिस प्रकार से यह आयोजन दो खेमों में बंट गया है, इससे आयोजनों का उत्साह फीका पडऩे की संभावना है. बता दें कि नगर में पिछले कुछ वर्षों में दो स्थानों पर रावण दहन किया जाता रहा है लेकिन इस वर्ष तीन स्थानों पर रावण दहन होने की खबरें आ रही है, जिसमें कालेज ग्राऊंड और बीटीआई ग्राऊंड के साथ ही आत्मानंद स्कूल परिसर भी शामिल कर लिया गया है. हालांकि मिली जानकारी के अनुसार आत्मानंद स्कूल परिसर में केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए आयोजन समिति ने अनुमति ली गई है लेकिन राजनीति व आपसी गुटबाजी के चलते रावण दहन करने की बात कही जा रही है. इस संबंध में निशांत दुर्गा व दशहरा उत्सव समिति की ओर से सोशल मीडिया में प्रचारित किया जा रहा है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ अब 61 फीट रावण दहन का कार्यक्रम भी किया जाएगा.

बता दें कि कुछ दिनों पूर्व तक आत्मानंद स्कूल परिसर में केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम होने की जानकारी सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से साझा की जा रही थी लेकिन पिछले दिनों निशांत दुर्गा व दशहरा उत्सव समिति व्दारा बजट का बहाना बनाकर परंपरागत दशहरा आयोजन से हाथ खींचने के बाद जनमहोत्सव समिति की ओर से नगर पालिका अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी के द्वारा कालेज मैदान में रावण दहन की बात कही गई थी, जिसके बाद अब निशांत दुर्गा व दशहरा उत्सव समिति के द्वारा भी रावण दहन की घोषणा कर दी गई है. आत्मानंद स्कूल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी गई है और स्कूल प्रबंधन के द्वारा कलेक्टर व डीईओ राजनांदगांव से लेकर डोंगरगांव एसडीएम और बीईओ तक को पत्र प्रेषित किया जा चुका है. इस लेख के माध्यम से किसी भी आयोजन को बड़ा या छोटा बताना हमारा उद्देश्य नहीं है, लेकिन ओछी राजनीति और वर्चस्व की लड़ाई में पारंपरिक व धार्मिक आयोजन को प्रभावित न किया जाए. अब दोनों आयोजन समिति के घोषणाओं के बाद नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी अनेक प्रकार की चर्चाएं आम हो गई है.

आयोजन समितियों में होड़
नगर में 20 अक्टूबर को दशहरा का पर्व मनाया जाना है लेकिन इस वर्ष राजनीतिक और वैचारिक मतभेद के चलते आयोजन में दो फाड़ हो गया है. पारंपरिक तौर पर नगर के कॉलेज मैदान में जनमहोत्सव समिति के द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक मंजरी रायपुर की प्रस्तुति होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार डेविड निराला, अभिषेक सोनकर, गरिमा ठाकुर, कामता वैष्णव तथा निरंजन साहू की शानदार प्रस्तुति होगी. साथ ही 51 फीट का रावण दहन किया जाएगा. वहीं इस वर्ष आत्मानंद स्कूल परिसर 20 अक्टूबर को निशांत दुर्गा एवं दशहरा उत्सव समिति द्वारा शाम साढ़े 7 बजे से आस्था शर्मा, स्वाति वैष्णव और शिवम यादव का स्टेज शो व छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही विशेष स्वचलित 61 फिट का रावण पुतला दहन करने की घोषणा की गई है.
दशहरा उत्सव केवल नाच गाने तक सिमटा, रामलीला गायब
वर्तमान में दशहरा उत्सव जिस राम लीला मंचन के लिए जाना जाता है, वहीं अब नगर के महोत्सव से दूर होता चला जा रहा है.

अब दशहरा उत्सव में बाहर से सांस्कृतिक कार्यक्रम बुलवाकर आयोजन को सिमटा दिया जाता है. बता दें कि कॉलेज मैदान में होने वाले दशहरा उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ बहुत कम समय के लिए रामलीला का मंचन किया जाता है. हॉलाकि नगर अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी व्दारा आगामी वर्ष जनसहयोग मैदान में रामलीला के साथ भव्य रूप में रावण दहन कार्यक्रम की घोषणा की गई है.

रावण दहन के समय में बिलंब भी एक कारण
वर्षों से नगर का दशहरा उत्सव कार्यक्रम का कार्यभार निशांत दुर्गा समिति के द्वारा संभाला जाता रहा है जिसमे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चक्कर में हर वर्ष रावण दहन काफी विलंब से लगभग रात्रि 11 बजे के बाद किया जाता था. जिसकी वजह से माँ दुर्गा की उपस्थिति भी दशहरा मैदान में नहीं पाती है. मां दुर्गा पंडाल आयोजन समितियों की मानें तो रावण दहन में देर होने से माता के विसर्जन में भी काफी देर हो जाता है और अनेक समस्याएं आती है. यही वजह रही है कि पिछले कुछ वर्षों से महामाया दुर्गा उत्सव समिति के द्वारा बीटीआई रोड मैदान में रावण दहन प्रारंभ कर सही समय में माता का विसर्जन करना प्रारंभ किया था.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here