दशहरा महोत्सव का 19वां वर्ष : एआई तकनीक से लैस आतिशबाजी और 61 फीट का रावण रहेगा मुख्य आकर्षण
राजनांदगांव (दावा)। विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में संस्कारधानी के ऐतिहासिक म्युनिसिपल स्कूल मैदान में इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ जनमहोत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। अपने 19वें गौरवमयी वर्ष में प्रवेश कर रहे इस विराट आयोजन में इस बार राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पार्श्व एवं भक्ति गायिका स्वस्ति मेहुल जैन (दिल्ली) अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देने राजनांदगांव पहुंच रही हैं। समारोह में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डेय, महापौर मधुसूदन यादव सहित विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, अशोक शर्मा एवं खूबचंद पारख उपस्थित रहेंगे।
राम आएंगे… फेम गायिका स्वस्ति मेहुल बांधेंगी समां
आयोजन समिति के अध्यक्ष सौरभ कोठारी ने बताया कि विजयादशमी पर्व को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सांस्कृतिक संध्या में दिल्ली की प्रख्यात गायिका स्वस्ति मेहुल जैन भजनों की अमृत वर्षा करेंगी। उल्लेखनीय है कि उनके प्रसिद्ध भजन ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’ को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा कर सराहना की थी। इसके अलावा उन्होंने ‘जय जयंति शासनम’, ‘कृष्णा-कृष्णा मधुरम-मधुरम’ सहित बॉलीवुड फिल्म बाला का चर्चित गीत ‘नाह गोरिये’ भी गाया है।
एआई तकनीक आधारित आतिशबाजी व 61 फीट का रावण
सौरभ कोठारी ने बताया कि मुंबई के प्रसिद्ध आतिशबाजों द्वारा मनमोहक और रोमांचक आकाशीय आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। इस वर्ष आतिशबाजी में आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का विशेष उपयोग देखने को मिलेगा। वहीं, मैदान में बुराई के प्रतीक 61 फीट ऊंचे विशालकाय रावण के पुतले का दहन मुख्य आकर्षण होगा। समिति के मीडिया प्रभारी विनय बिंदल, अजय सोनी, रघु शर्मा एवं मुकेश शर्मा ने बताया कि दर्शकों की सुविधा के लिए नि:शुल्क पास व आमंत्रण पत्र वितरित किए जाएंगे। भीड़ व यातायात नियंत्रण के लिए पास में गेट नंबर अंकित होंगे और फैमिली पास धारकों को सपरिवार ही प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर और प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। दर्शकों के वाहनों के लिए पुत्री शाला, पुराना अस्पताल परिसर एवं ओवरब्रिज के नीचे सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।




