दोपहर 12 बजे के करीब हुई वारदात, एक छात्र बचकर भागा, जबकि दूसरे को साथ ले गए आरोपी
राजनांदगांव। शहर के प्रतिष्ठित स्टेट हाईस्कूल परिसर में शनिवार 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर आयोजित बाल मेले के दौरान दिनदहाड़े छात्रों के अपहरण की घटना से हडक़ंप मच गया। दोपहर करीब 12 बजे घटी इस वारदात के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। प्राचार्य माधोसिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।
विवाद व मारपीट के बाद एक छात्र को दोपहिया वाहन में बैठाकर हुए फरार
मिली जानकारी के अनुसार स्कूल के मिडिल विभाग द्वारा परिसर में बाल मेला कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ बाहरी युवक वहां पहुंचे और स्कूल के दो छात्रों के साथ विवाद व मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने दोनों छात्रों को जबरन पकडऩे का प्रयास किया, जिसमें एक छात्र किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर भागने में सफल रहा। वहीं, दूसरे छात्र को बाहरी तत्वों ने दबोच लिया और दोपहिया वाहन में बैठाकर मौके से फरार हो गए। शहर के नामी विद्यालय में दिनदहाड़े हुई इस घटना से अभिभावकों और नागरिकों में चिंता व्याप्त है।
स्कूल स्टाफ की चुप्पी और पुलिस के बयान से गहराया संदेह
घटना के बाद स्कूल स्टाफ के सतीश सिंह सहित एक अन्य शिक्षक कोतवाली थाने पहुंचे, लेकिन मीडिया द्वारा पूछे जाने पर वे स्पष्ट जानकारी देने से बचते नजर आए। जिससे मामले को लेकर कई तरह के संदेह उठ रहे हैं। दूसरी ओर कोतवाली थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह ने प्रारंभिक जानकारी में बताया कि कथित तौर पर अपहृत बालक स्वयं दोपहिया वाहन चलाते हुए गया है। हालांकि, घटना से जुड़े एक वीडियो में कुछ युवक एक लडक़े के साथ जबरदस्ती कर उसे दोपहिया वाहन में बैठाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो और पुलिस के बयान में सामने आ रहे इस विरोधाभास के कारण फिलहाल पूरा घटनाक्रम स्पष्ट नहीं हो पाया है। कोतवाली पुलिस सभी पहलुओं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।




