केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर दिया जोर
घुमका (राजनांदगांव)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ के अंतर्गत घुमका मंडल में कांग्रेस द्वारा जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री धनेश पाटिला और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री थानेश्वर पाटिला मुख्य रूप से शामिल हुए। जनचौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
मतदाता सूची में पारदर्शिता और संवैधानिक अधिकारों पर चर्चा
जनचौपाल को संबोधित करते हुए दोनों वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की रक्षा, मतदाता सूची में पूर्ण पारदर्शिता और आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है।
गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करें कार्यकर्ता: धनेश पाटिला
पूर्व मंत्री धनेश पाटिला ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का वोट ही सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर आम जनता को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
जनमुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा संगठन: थानेश्वर पाटिला
वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री थानेश्वर पाटिला ने कहा कि किसान, युवा, मजदूर और आम नागरिकों से जुड़े बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाना कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से मुखर होकर आवाज उठाने का आग्रह किया।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर घुमका मंडल कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस सहित पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




