मां बम्लेश्वरी मंदिर : ज्योति कलश उठाने के लिए आज मिलेगा बिल्ला
डोंगरगढ़ (दावा)। धर्मनगरी डोंगरगढ़ में क्वांर नवरात्रि पर्व 2026 के अवसर पर स्थापित मनोकामना ज्योति कलशों की विसर्जन शोभायात्रा मंगलवार 20 अक्टूबर को परंपरागत रूप से पूर्व निर्धारित मार्ग से निकाली जाएगी। श्री बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट समिति के मंत्री एवं वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि जिन श्रद्धालुओं ने नीचे मंदिर अथवा शीतला मंदिर प्रांगण में ज्योति कलश स्थापित करवाए हैं। वे कलश उठाने हेतु आवश्यक बिल्ला (टोकन) सोमवार 19 अक्टूबर को नीचे मंदिर कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। ट्रस्ट समिति द्वारा बिल्ला वितरण के लिए दो पालियों में समय निर्धारित किया गया है। जिसमें प्रथम पाली प्रात: 10 से दोपहर 1 बजे तक एवं द्वितीय पाली दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक रहेगी। समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपना मूल ज्योति कार्ड साथ लेकर आएं और निर्धारित समयावधि में नीचे मंदिर कार्यालय पहुंचकर ज्योति कलश उठाने का बिल्ला प्राप्त कर लें, ताकि विसर्जन व्यवस्था सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।




